अंतिम घंटे की खरीदारी से संभला बाजार, सेंसेक्स 117 अंक चढ़ा

Ads

अंतिम घंटे की खरीदारी से संभला बाजार, सेंसेक्स 117 अंक चढ़ा

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 04:31 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 04:31 PM IST

मुंबई, 20 मई (भाषा) कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच अंतिम घंटे की खरीदारी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में उछाल से बुधवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट से उबरकर बंद हुए। सेंसेक्स 117 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी में 41 अंक की तेजी रही।

विश्लेषकों के मुताबिक, कच्चे तेल और रुपये में कमजोरी से जुड़ी चिंताओं के बावजूद कारोबारी सत्र के अंतिम घंटे की लिवाली ने बाजार को समर्थन देने का काम किया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक उतार-चढ़ाव भरे 117.54 अंक यानी 0.16 प्रतिशत चढ़कर 75,318.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 671.44 अंक यानी 0.89 प्रतिशत टूटकर 74,529.41 अंक तक आ गया था।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 41 अंक यानी 0.17 प्रतिशत बढ़कर 23,659 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.83 प्रतिशत उछला। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी बढ़त में रहे।

दूसरी तरफ भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा, इटर्नल और टाटा स्टील प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब दो प्रतिशत गिरकर 109 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वाहन, वित्तीय और तेल एवं गैस क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से बाजार ने दिन के निचले स्तर से वापसी की।’’

नायर ने कहा कि रुपये की कमजोरी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें महंगाई और कंपनियों के मुनाफे पर दबाव की चिंता बढ़ा रही हैं, जबकि विदेशी निवेशकों का रुख मिला-जुला बना हुआ है।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में तेजी के रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह ईरान पर हमले फिर शुरू करने का फैसला लेने वाले थे, लेकिन कतर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जैसे मध्यस्थों से बातचीत के बाद इसे टाल दिया गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,457.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स मंगलवार को 114.19 अंक यानी 0.15 प्रतिशत गिरकर 75,200.85 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 31.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत लुढ़ककर 23,618 अंक पर रहा था।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय