पश्चिम एशिया में तनाव घटने से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसक्स 394 अंक चढ़ा

पश्चिम एशिया में तनाव घटने से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसक्स 394 अंक चढ़ा

पश्चिम एशिया में तनाव घटने से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसक्स 394 अंक चढ़ा
Modified Date: June 9, 2026 / 06:04 pm IST
Published Date: June 9, 2026 6:04 pm IST

मुंबई, नौ जून (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट मंगलवार को थम गई और दोनों मानक सूचकांक चढ़कर बंद हुए। इजराइल एवं ईरान के बीच तनाव कम होने और दुनिया के अन्य शेयर बाजारों में तेजी से सेंसक्स 394 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी 119 अंक की बढ़त में रहा।

विश्लेषकों ने कहा कि बैंक शेयरों में तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी से भी बाजार धारणा मजबूत हुई है।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 394.50 अंक यानी 0.54 प्रतिशत बढ़कर 73,918.76 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 511.15 अंक तक चढ़ गया था।

एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 119.10 अंक यानी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 23,242.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान मानक सूचकांक 156.4 अंक तक चढ़ गया था।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाइटन, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और टेक महिंद्रा शामिल हैं।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘इजराइल और ईरान के बीच तनाव कम होने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और जोखिम वाली संपत्ति में सुधार हुआ, जिससे भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में भी तेजी रही। इसका कारण वैश्विक स्तर पर जोखिम कम होना, तेल की कीमतों में नरमी और प्रौद्योगिकी तथा एआई क्षेत्र को लेकर नई उम्मीद है।’’

व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सूचकांक 1.50 प्रतिशत उछल गया जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप सूचकांक में 1.33 प्रतिशत की तेजी रही।

क्षेत्रवार सूचकांकों में पीएसयू बैंक में 83 प्रतिशत, बैंकिंग सूचकांक में 2.18 प्रतिशत, सेवा खंड में दो प्रतिशत और रियल्टी खंड में 1.76 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,782 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि 1,423 शेयरों में गिरावट रही और 193 अन्य अपरिवर्तित रहे।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘घरेलू बाजार हाल में आई तेज गिरावट से उबरने की कोशिश कर रहा है। इसमें इजराइल-ईरान तनाव में कमी आने और कच्चे तेल में नरमी की अहम भूमिका रही। लेकिन विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी जारी रहने और उच्च बॉन्ड प्रतिफल से जुड़ी चिंताएं बरकरार हैं।’

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 5,555.67 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.66 प्रतिशत गिरकर 92.69 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए। हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में बढ़त का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

सेंसेक्स सोमवार को 719.08 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 243.70 अंक की गिरावट आई थी।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में