ओला इलेक्ट्रिक ने देशभर में बिक्री, सेवा नेटवर्क डीलर भागीदारों के लिए खोला

ओला इलेक्ट्रिक ने देशभर में बिक्री, सेवा नेटवर्क डीलर भागीदारों के लिए खोला

ओला इलेक्ट्रिक ने देशभर में बिक्री, सेवा नेटवर्क डीलर भागीदारों के लिए खोला
Modified Date: August 6, 2026 / 02:14 pm IST
Published Date: August 6, 2026 2:14 pm IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने देशभर में अपने बिक्री और सेवा नेटवर्क को डीलर भागीदारों के लिए खोलने की बृहस्पतिवार को घोषणा की।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह कदम उसकी बाजार रणनीति में बड़ा बदलाव है। कंपनी ने पांच साल पहले अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश किया था।

कंपनी ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र के परिपक्व होने और उपभोक्ताओं में स्वीकार्यता बढ़ने के साथ वह अब अपनी बिक्री रणनीति में बदलाव कर रही है।

आने वाले महीनों में कंपनी के स्टोर ब्रांड और उत्पाद अनुभव केंद्रों के रूप में काम करेंगे, जबकि डीलर भागीदार देशभर में स्थानीय बिक्री, सेवा और विस्तार का मुख्य आधार बनेंगे।

ओला इलेक्ट्रिक ने कहा कि यह कदम देशभर के डीलर के साथ एक महीने तक किए गए जमीनी स्तर के संवाद के बाद उठाया गया है।

कंपनी के अनुसार, डीलर ने उसके उत्पाद पोर्टफोलियो और अपने स्थानीय बाजार अनुभव के संयोजन से ओला की बिक्री तथा भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की स्वीकार्यता की गति बढ़ाने में विश्वास जताया है।

ओला इलेक्ट्रिक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक भविष अग्रवाल ने कहा, ‘हमारे बाजार में उतरने के तरीके में यह एक बड़ा बदलाव है, जो यह दर्शाता है कि भारत में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग किस दिशा में आगे बढ़ रहा है। हमने पहले अपने खुद के स्टोर बनाए क्योंकि ईवी में विश्वास को हर स्टोर और शहर में हासिल करना जरूरी था।’

उन्होंने कहा कि अब इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र के परिपक्व होने के साथ कंपनी का लक्ष्य देश के हर हिस्से तक इलेक्ट्रिक वाहन पहुंचाना है और डीलर भागीदार स्थानीय बाजार को बेहतर ढंग से समझते हैं।

अग्रवाल ने कहा कि कंपनी के स्टोर अब ग्राहकों को ब्रांड और उत्पाद का बेहतर अनुभव देने का काम करेंगे, जबकि डीलर भागीदार इस अनुभव को देश के हर कस्बे और मोहल्ले तक पहुंचाएंगे।

कंपनी ने कहा कि डीलर भागीदारों को पांच साल में तैयार किए गए मजबूत ब्रांड, 10 लाख से अधिक ग्राहकों वाले इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन आधार से मिलने वाले सेवा अवसर, स्कूटर, मोटरसाइकिल और ऊर्जा उत्पादों सहित विस्तृत पोर्टफोलियो तथा बेहतर लाभ मॉडल का फायदा मिलेगा।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में