कमजोर संकेतों से शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 961 अंक लुढ़का

Ads

कमजोर संकेतों से शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 961 अंक लुढ़का

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 04:28 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 04:28 PM IST

मुंबई, 27 फरवरी (भाषा) कमजोर वैश्विक रुझानों, विदेशी पूंजी की ताजा निकासी और बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 961 अंक टूटा जबकि निफ्टी 318 अंक लुढ़क गया।

विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता में प्रगति न होने से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका से निवेशक धारणा प्रभावित हुई।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक 961.42 अंक यानी 1.17 प्रतिशत लुढ़ककर 81,287.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,089.46 अंक यानी 1.32 प्रतिशत तक गिरकर 81,159.15 अंक पर आ गया था।

इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 317.90 अंक यानी 1.25 प्रतिशत गिरकर 25,178.65 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से सन फार्मा, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), महिंद्रा एंड महिंद्रा और मारुति सुजुकी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, ट्रेंट, इन्फोसिस और इटर्नल के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 3,465.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,031.57 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘कमजोर वैश्विक संकेतों और भू-राजनीतिक जोखिमों के कारण बाजारों में सतर्कता का माहौल है। कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़ी वैश्विक अनिश्चितताओं ने भी सुरक्षित निवेश विकल्पों की मांग को समर्थन दिया। घरेलू स्तर पर ताजा सकारात्मक कारकों के अभाव में वैश्विक व्यापक आर्थिक कारक हावी हो रहे हैं।’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक करीब एक प्रतिशत गिरा, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।

यूरोपीय बाजार मिले-जुले रुख में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 प्रतिशत उछलकर 71.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 27.46 अंक की मामूली गिरावट के साथ 82,248.61 अंक जबकि निफ्टी 14.05 अंक की हल्की बढ़त के साथ 25,496.55 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण