शेयर बाजार में दो दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थमा, सेंसेक्स 491 अंक चढ़ा

शेयर बाजार में दो दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थमा, सेंसेक्स 491 अंक चढ़ा

शेयर बाजार में दो दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थमा, सेंसेक्स 491 अंक चढ़ा
Modified Date: January 4, 2024 / 04:24 pm IST
Published Date: January 4, 2024 4:24 pm IST

मुंबई, चार जनवरी (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले दो दिन से जारी गिरावट के बाद बृहस्पतिवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 491 अंक के लाभ में रहा। मुख्य रूप से एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस में लिवाली से बाजार में मजबूती रही।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 490.97 अंक यानी 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,847.57 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 598.19 अंक तक चढ़ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 141.25 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 21,658.60 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस सर्वाधिक 4.44 प्रतिशत और एनटीपीसी तीन प्रतिशत से अधिक मजबूत हुआ। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स, नेस्ले, पावर ग्रिड, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व और एचडीएफसी बैंक में भी प्रमुख रूप से तेजी रही।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल हैं।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार बुधवार को नुकसान में रहे थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.92 प्रतिशत चढ़कर 78.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 666.34 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे।

बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 535.88 अंक और निफ्टी 148.45 अंक नुकसान में रहा था।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में