नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में विमानन कंपनियों और यात्रा कारोबार से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन का शेयर बीएसई पर 7.50 प्रतिशत टूट गया जबकि स्पाइसजेट के शेयर में 7.27 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल यात्रा ऑनलाइन के शेयर शुरुआती कारोबार में 11.14 प्रतिशत तक गिर गए। इसी तरह ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयर में 9.39 प्रतिशत, टीबीओ टेक में 8.19 प्रतिशत और थॉमस कुक (इंडिया) के शेयर में 5.40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में भी दबाव का रुख रहा। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद 1,027.60 अंक गिरकर 80,284.17 पर आ गया, जबकि एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 305.95 अंक टूटकर 24,864.35 पर कारोबार कर रहा था।
इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है, जिससे उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। खासकर खाड़ी देशों के प्रमुख विमानन केंद्रों के जरिये भारत-यूरोप मार्ग पर उड़ानों में व्यवधान की स्थिति बनी है।
भारतीय टूर ऑपरेटर संघ (आईएटीओ) ने बताया कि पश्चिम एशिया संकट के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगने से बुकिंग रद्द होने और यात्रा कार्यक्रम में बदलाव के अनुरोधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
भाषा प्रेम
प्रेम
प्रेम