DELHI SCHOOL/ image source: IBC24
Delhi Bomb Threat News: नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह एक बार फिर दिल्ली के तीन प्रमुख स्कूलों को ईमेल के जरिए बम धमकी मिली, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे स्कूल प्रशासन ने धमकी भरा ईमेल देखा और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया। जिन स्कूलों को धमकी मिली उनमें Army Public School Delhi Cantt, Salwan Public School और Meera Public School Janakpuri शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा घेरा बना दिया और जांच अभियान शुरू कर दिया।
A bomb threat has been received by several schools in Delhi via email. The information was received by Delhi Fire Service and police at around 8 am, and police and fire teams are conducting checks at the schools: Delhi Fire Service
— ANI (@ANI) March 2, 2026
मौके पर दिल्ली पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता, स्निफर डॉग स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं और स्कूल परिसरों की सघन तलाशी ली गई। बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल भवनों को खाली कराया गया और आसपास के क्षेत्रों को एहतियातन सील कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने कक्षाओं, बैग, पार्किंग क्षेत्र और खुले स्थानों की विस्तृत जांच की। हालांकि प्रारंभिक जांच में अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया।
पुलिस अब धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि हाल के महीनों में इस तरह की कई फर्जी धमकियां सामने आई हैं, लेकिन हर बार खतरे को वास्तविक मानकर पूरी कार्रवाई की जाती है। जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि कहीं इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित पैटर्न या समूह तो सक्रिय नहीं है।
गौरतलब है कि दिल्ली में स्कूलों को बम धमकी मिलने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। पिछले सोमवार को धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी इसी तरह ईमेल से धमकी मिली थी। उस समय भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला। इससे पहले दिल्ली सचिवालय, दिल्ली विधानसभा और लाल किला जैसे महत्वपूर्ण स्थलों को भी धमकी मिल चुकी है।