नागपुर, दो मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर स्थित विस्फोटक पदार्थ बनाने वाले एक कारखाने में विस्फोट हो जाने की घटना में एक और व्यक्ति की मौत के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायल हुए 23 अन्य कर्मियों का यहां एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रविवार को ‘एसबीएल एनर्जी लिमिटेड’ में हुए विस्फोट में एक और मजदूर की मौत के साथ मृतक संख्या बढ़कर 19 हो गई।
नागपुर के संरक्षक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की अध्यक्षता में संभागीय आयुक्त कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक में रविवार की घटना पर विचार-विमर्श किया गया और स्थिति का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने ‘एसबीएल एनर्जी लिमिटेड’ के नौ निदेशकों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने बताया कि कलमेश्वर पुलिस ने कंपनी के 21 निदेशकों और शेयरधारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया।
कटोल तहसील के राउलगांव में खनन और औद्योगिक विस्फोटक निर्माता कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की डेटोनेटर पैकिंग इकाई में रविवार को यह भीषण विस्फोट हुआ।
पुलिस के अनुसार, शवों के बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान करना असंभव था और मृतकों की पहचान करने के मकसद से डीएनए परीक्षण के लिए परिवार के सदस्यों के नमूने लिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विस्फोट के कारणों की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
भाषा यासिर वैभव
वैभव