कनोहर इलेक्ट्रिकल्स का शेयर आठ प्रतिशत से अधिक बढ़त के साथ बाजार में सूचीबद्ध
कनोहर इलेक्ट्रिकल्स का शेयर आठ प्रतिशत से अधिक बढ़त के साथ बाजार में सूचीबद्ध
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) ट्रांसफॉर्मर विनिर्माता कंपनी कनोहर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड का शेयर अपने 632 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले आठ प्रतिशत से अधिक बढ़त के साथ बुधवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई पर शेयर ने 672.05 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो निर्गम मूल्य से 6.33 प्रतिशत अधिक है। वहीं, एनएसई पर शेयर 8.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 685.50 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 5,889.12 करोड़ रुपये रहा।
कनोहर इलेक्ट्रिकल्स के 1,056 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को बोली के अंतिम दिन 90.59 गुना अभिदान मिला था। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 601-632 रुपये प्रति शेयर था।
कनोहर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड ने बड़े (एंकर) निवेशकों से 317 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
कंपनी नए शेयर से जुटाई गई राशि में से 64.1 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय संबंधी जरूरतों पर खर्च करेगी। इसके अलावा, 155 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अतिरिक्त कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कंपनी कार्यों के लिए रखी जाएगी।
कनोहर इलेक्ट्रिकल्स देश की प्रमुख ट्रांसफॉर्मर विनिर्माता कंपनियों में से एक है। यह बिजली पारेषण, रेलवे, नवीकरणीय ऊर्जा और बिजली वितरण समेत विभिन्न क्षेत्रों को सेवाएं देती है।
कंपनी दो खंडों – ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण और इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) के जरिये कारोबार करती है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


