रुपया शुरुआती कारोबार में तीन पैसे टूटकर 95.91 प्रति डॉलर पर
रुपया शुरुआती कारोबार में तीन पैसे टूटकर 95.91 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 16 सितंबर (भाषा) रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में तीन पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.91 पर आ गया। अमेरिकी डॉलर में मजबूती और विदेशी पूंजी की निकासी का घरेलू मुद्रा पर दबाव है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख ने स्थानीय मुद्रा को समर्थन दिया। हालांकि, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहने से रुपये पर दबाव रहा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.89 प्रति डॉलर पर खुला। फिर टूटकर 95.91 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले तीन पैसे की गिरावट है।
रुपया मंगलवार को 34 पैसे की गिरावट के साथ 95.88 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे पहले लगातार पांच कारोबारी सत्रों में रुपया 113 पैसे यानी एक प्रतिशत से अधिक कमजोर हुआ था। चार सितंबर को यह 94.43 के स्तर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत बढ़कर 99.38 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 240.75 अंक यानी 0.33 प्रतिशत बढ़कर 74,244.57 अंक पर और निफ्टी 83.70 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,202.30 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.58 प्रतिशत फिसलकर 108.12 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया लेकिन इसकी कीमत अब भी ऊंची बनी हुई है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 2,977.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


