मणिपाल हेल्थ का शेयर पहले दिन के कारोबार में 13 प्रतिशत चढ़ा
मणिपाल हेल्थ का शेयर पहले दिन के कारोबार में 13 प्रतिशत चढ़ा
नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज का शेयर बुधवार को शेयर बाजार में अपने निर्गम मूल्य 590 रुपये के मुकाबले 13 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
बीएसई पर कंपनी का शेयर 11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 655 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के दौरान यह 14.58 प्रतिशत चढ़कर 676.05 रुपये के उच्चस्तर तक पहुंच गया। अंत में शेयर 666.70 रुपये पर बंद हुआ, जो निर्गम मूल्य से 13 प्रतिशत अधिक है।
एनएसई पर कंपनी के शेयर ने 10.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 652 रुपये पर शुरुआत की। अंत में यह 666.95 रुपये पर बंद हुआ, जो 13 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी का बाजार पूंजीकरण 87,696.20 करोड़ रुपये रहा।
कारोबार के दौरान बीएसई पर कंपनी के 43.91 लाख शेयरों और एनएसई पर 470.08 लाख शेयरों का कारोबार हुआ।
मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को गत शुक्रवार को बोली बंद होने तक 4.92 गुना अभिदान मिला था।
आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 560-590 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।
बेंगलुरु स्थित कंपनी के आईपीओ में 8,000 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी किए गए, जबकि मौजूदा शेयरधारक 2.16 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लेकर आए।
कंपनी नए शेयरों की बिक्री से प्राप्त राशि में से 5,378 करोड़ रुपये का उपयोग अपनी अनुषंगी कंपनी मणिपाल हॉस्पिटल्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्ज के पुनर्भुगतान या पूर्व भुगतान के लिए करेगी।
मणिपाल हेल्थ देशभर में बहु-विशेषता अस्पतालों का नेटवर्क संचालित करती है।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


