कच्चे तेल के दाम में तेजी से पेट्रोलियम विपणन कंपनियों के शेयर लुढ़के
कच्चे तेल के दाम में तेजी से पेट्रोलियम विपणन कंपनियों के शेयर लुढ़के
नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से पेट्रोलियम विपणन कंपनियों के शेयरों में बृहस्पतिवार को भारी गिरावट दर्ज की गई।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से उनके शोधन और विपणन मार्जिन पर दबाव पड़ने का जोखिम है। इससे तेल विपणन कंपनियों पर दबाव बढ़ गया है।
बीएसई में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. का शेयर 7.01 प्रतिशत टूटकर 324.80 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 7.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52 सप्ताह के निचले स्तर 321.80 रुपये पर आ गया था।
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. का शेयर 5.83 प्रतिशत की गिरावट के साथ 286 रुपये और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का शेयर 3.91 प्रतिशत टूटकर 142.70 रुपये पर आ गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 6.56 प्रतिशत बढ़कर 114.4 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
बाजार में पिछले तीन दिन से जारी तेजी पर बृहस्पतिवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 2,496.89 अंक यानी 3.26 प्रतिशत का गोता लगाकर 74,207.24 अंक पर बंद हुआ। जून, 2024 के बाद यह एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट है।
वहीं, एनएसई निफ्टी 775.65 अंक यानी 3.26 प्रतिशत लुढ़क कर 23,002.15 अंक पर बंद हुआ।
पेंट बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई में कंसाई नेरोलैक पेंट्स का शेयर 3.63 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 3.36 प्रतिशत, इंडिगो पेंट्स 2.84 प्रतिशत और बर्जर पेंट्स का शेयर 1.30 प्रतिशत के नुकसान में रहा।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


