नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) आरडी इंडस्ट्रीज का शेयर अपने 53 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले करीब 39 प्रतिशत की बढ़त के साथ बुधवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई पर शेयर ने 73.60 रुपये पर कारोबार शुरू किया जो निर्गम मूल्य से 38.86 प्रतिशत अधिक है।
एनएसई पर यह निर्गम मूल्य से 35.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
कंपनी का बाजार पूंजीकरण 2,119.10 करोड़ रुपये रहा।
आरडी इंडस्ट्रीज के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। पिछले सप्ताह शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन आईपीओ 133.66 गुना अभिदान के साथ बंद हुआ था।
कंपनी के 426 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 50-53 रुपये प्रति शेयर था। आईपीओ 320 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 1.99 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण था।
नए शेयर के निर्गम से प्राप्त राशि में से 220 करोड़ रुपये कंपनी की अतिरिक्त कार्यशील पूंजी की जरूरतों के लिए, 22 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने के लिए और शेष राशि सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल की जाएगी।
आरडी इंडस्ट्रीज संसाधनों का अनुकूलतम इस्तेमाल यानी ‘सर्कुलर इकोनॉमी’ क्षेत्र में काम करती है। कंपनी उन ऊर्जा भंडारण उत्पादों और गैर-लौह धातु कबाड़ (स्क्रैप) का पुनर्चक्रण करती है जिनकी अवधि समाप्त हो चुकी है। इसके अलावा, यह अपशिष्ट से महत्वपूर्ण संसाधनों को पुनः प्राप्त कर ऊर्जा भंडारण, ई-परिवहन, वाहन और रसायन क्षेत्र में उपयोग होने वाला शुद्ध सीसा एवं सीसा मिश्रधातु का विनिर्माण करती है।
भाषा निहारिका
निहारिका