टाटा समूह की कंपनियों के शेयर में तेजी, टाटा केमिकल्स का शेयर करीब सात प्रतिशत चढ़ा

टाटा समूह की कंपनियों के शेयर में तेजी, टाटा केमिकल्स का शेयर करीब सात प्रतिशत चढ़ा

टाटा समूह की कंपनियों के शेयर में तेजी, टाटा केमिकल्स का शेयर करीब सात प्रतिशत चढ़ा
Modified Date: September 17, 2026 / 07:13 pm IST
Published Date: September 17, 2026 7:13 pm IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) टाटा समूह की कंपनियों के शेयर में बृहस्पतिवार को तेजी दर्ज की गई। टाटा केमिकल्स का शेयर करीब सात प्रतिशत चढ़ा।

टाटा संस लिमिटेड के निदेशक मंडल के एन. चंद्रशेखरन को पांच साल के तीसरे कार्यकाल के लिए चेयरमैन नियुक्त करने और समूह की होल्डिंग कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला करने के बाद समूह की सूचीबद्ध कंपनियों के शेयर में तेजी आई है।

बीएसई पर टाटा केमिकल्स का शेयर 6.60 प्रतिशत, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन का 5.47 प्रतिशत, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का 4.52 प्रतिशत, टाटा स्टील का 2.82 प्रतिशत, टाटा पावर का 2.02 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का 1.17 प्रतिशत, रैलिस इंडिया का 0.89 प्रतिशत, ट्रेंट का 0.86 प्रतिशत, टाटा एलेक्सी का 0.49 प्रतिशत, वोल्टास का 0.42 प्रतिशत और टीसीएस का शेयर 0.21 प्रतिशत चढ़ा।

गौरतलब है कि मुंबई में करीब तीन घंटे चली निदेशक मंडल की बैठक के बाद टाटा संस ने बयान में कहा, ‘‘17 सितंबर, 2026 को हुई निदेशक मंडल की बैठक में चंद्रा ने निदेशक मंडल के अनुरोध पर अपने फैसले पर पुनर्विचार करने पर सहमति जताई। इसके बाद निदेशक मंडल ने बहुमत से मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें पांच साल के एक और कार्यकाल के लिए कार्यकारी चेयरमैन के रूप में फिर से नियुक्त करने का फैसला किया।’’

इससे पहले चंद्रशेखरन (63) ने अगस्त में निदेशकों से कहा था कि वह 20 फरवरी, 2027 को मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने पर फिर से नियुक्ति नहीं चाहते हैं।

बयान में कहा गया, ‘‘ निदेशक मंडल ने लागू आरबीआई दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए कदम उठाने का भी फैसला किया है और अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं के बारे में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), टाटा ट्रस्ट और अन्य हितधारकों से मार्गदर्शन मांगा जाएगा।’’

वहीं निदेशक मंडल ने समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की दिशा में आगे बढ़ने पर भी सहमति जताई।

दूसरी ओर, टाटा ट्रस्ट ने इन दोनों फैसलों को ‘अवैध’ बताया है और इन्हें कंपनी की सालाना आम बैठक (एजीएम) में मंजूरी लेनी होगी।

भाषा निहारिका रमण

रमण


लेखक के बारे में