नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) शार्प बिजनेस सिस्टम्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड ने भारत में एयर कंडीशनर (एसी) के स्थानीय उत्पादन के लिए अंबर एंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड के साथ साझेदारी की है।
जापानी शार्प कॉरपोरेशन की पूर्ण स्वामित्व वाली भारतीय इकाई शार्प बिजनेस सिस्टम्स (इंडिया) ने एक बयान में कहा कि यह कदम दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते कूलिंग बाजारों में से एक में उसके विस्तार की योजनाओं को मजबूत करेगा।
कंपनी का लक्ष्य अगले पांच साल में अपने उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार और देशभर में वितरण नेटवर्क को मजबूत कर भारतीय एयर कंडीशनर बाजार में दो से तीन प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करना है।
यह बाजार सालाना एक करोड़ इकाई की बिक्री के आंकड़े को पार कर चुका है।
इस साझेदारी के तहत शार्प के एयर कंडीशनर अंबर के देहरादून और श्री सिटी स्थित संयंत्रों में बनाए जाएंगे, जिनका उत्पादन मार्च, 2026 से शुरू करने की योजना है।
बयान के अनुसार, इस सहयोग का उद्देश्य अगले तीन वर्षों में उत्पादन को पांच लाख इकाई तक बढ़ाना है।
शार्प बिजनेस सिस्टम्स (इंडिया) के प्रबंध निदेशक ओसामु नरिता ने कहा, “भारत शार्प के लिए रणनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण बाजार बना हुआ है और ठंड प्रदान करने वाले उपकरण क्षेत्र में दीर्घकालिक वृद्धि की मजबूत संभावनाएं हैं। इस तरह की साझेदारियों के जरिये अपने विनिर्माण तंत्र को मजबूत करना भारतीय बाजार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
भाषा योगेश अजय
अजय