दिल्ली के महंगे बाजारों में दुकानों का किराया बढ़ा, खान मार्केट में नौ प्रतिशत वृद्धि
दिल्ली के महंगे बाजारों में दुकानों का किराया बढ़ा, खान मार्केट में नौ प्रतिशत वृद्धि
नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) बेहतर मांग और सीमित आपूर्ति के कारण दिल्ली के बेहद महंगे बाजारों में अप्रैल-जून तिमाही के दौरान खुदरा दुकानों के किराये में सालाना आधार पर दो से 10 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि खान मार्केट इलाके में किराया नौ प्रतिशत बढ़ा।
रियल एस्टेट सलाहकार कुशमैन एंड वेकफील्ड की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश के सबसे महंगे बाजार खान मार्केट में जून तिमाही के दौरान मासिक किराया 1,700-1,800 रुपये प्रति वर्ग फुट रहा, जो एक साल पहले की तुलना में नौ प्रतिशत अधिक है।
रिपोर्ट के मुताबिक, “दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख बाजारों में किराये में वृद्धि देखी गई। खान मार्केट में नौ प्रतिशत, गुरुग्राम के गैलेरिया मार्केट में चार प्रतिशत और कनॉट प्लेस में दो प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई।”
राजधानी के साउथ एक्सटेंशन-1 और 2 में मासिक किराया सर्वाधिक 10 प्रतिशत बढ़कर 850-900 रुपये प्रति वर्ग फुट पहुंच गया।
कनॉट प्लेस के इनर सर्किल की दुकानों का किराया दो प्रतिशत बढ़कर 1,250-1,300 रुपये प्रति वर्ग फुट प्रति माह हो गया। वहीं, गुरुग्राम के गैलेरिया मार्केट में किराया चार प्रतिशत बढ़कर 1,250-1,350 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गया।
दिल्ली के कमला नगर में किराया स्थिर रहा और यह 490-510 रुपये प्रति वर्ग फुट के स्तर पर बना रहा। ग्रेटर कैलाश-I (एम ब्लॉक) और करोल बाग में किराया दो प्रतिशत बढ़कर क्रमश: 490-510 रुपये और 415-425 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गया।
दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-18 में किराया पांच प्रतिशत बढ़कर 210-230 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गया, जबकि गुरुग्राम के सेक्टर-29 में यह तीन प्रतिशत बढ़कर 180-200 रुपये प्रति वर्ग फुट रहा।
परामर्श कंपनी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में शॉपिंग मॉल और महंगे बाजारों में पट्टे पर उठी खुदरा दुकानों का क्षेत्रफल अप्रैल-जून तिमाही में बढ़कर 6.7 लाख वर्ग फुट हो गया जबकि साल भर पहले की समान अवधि में यह तीन लाख वर्ग फुट था। इसमें मॉल का हिस्सा 63 प्रतिशत और सड़क की दुकानों का 37 प्रतिशत रहा।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण

Facebook


