नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को चांदी की कीमत 1,500 रुपये बढ़कर 2.51 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गयी। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के साथ घरेलू बाजार में चांदी में तेजी आई।
पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,49,500 रुपये प्रति किलोग्राम रही थी।
हालांकि, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 300 रुपये घटकर 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रहा। सोने की कीमत सोमवार को 1,52,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रही थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘मंगलवार को भी सोने पर दबाव बना रहा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और समग्र व्यापक आर्थिक परिदृश्य पर इसके प्रभावों को लेकर निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।’’
उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास की नाजुक सुरक्षा स्थिति ने ऊर्जा-जनित मुद्रास्फीति और केंद्रीय बैंकों द्वारा लंबे समय तक सख्त मौद्रिक नीति जारी रहने की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
गांधी ने कहा, ‘‘अब जब यह संघर्ष अपने दसवें सप्ताह में है, तो बदलते व्यापक आर्थिक हालात के जवाब में निवेशक डॉलर और बॉन्ड को तरजीह दे रहे हैं, जबकि वे सोने से दूरी बनाए हुए हैं। इससे कीमती धातुओं पर दबाव और बढ़ रहा है।’’
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 1.08 प्रतिशत बढ़कर 73.51 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि सोना मामूली बढ़त के साथ 4,549.57 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि हाजिर सोना 4,550 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना रहा। इसका कारण वाणिज्यिक जहाजों को अमेरिकी सेना द्वारा सुरक्षा दिए जाने की उम्मीद के चलते कच्चे तेल की कीमतें नरम पड़ीं, हालांकि तेल की कीमतों में यह गिरावट संभवतः अस्थायी होगी।
ऑगमोंट की शोध प्रमुख, रेनीशा चेनानी ने कहा कि इस क्षेत्र में फिर से भड़की हिंसा ने चार सप्ताह से चल रहे संघर्ष-विराम के प्रयासों को लेकर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण