दिल्ली में चांदी 6,800 रुपये उछली, सोना 2,000 रुपये टूटा

Ads

दिल्ली में चांदी 6,800 रुपये उछली, सोना 2,000 रुपये टूटा

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 07:16 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 07:16 PM IST

नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी की कीमत 6,800 रुपये चढ़कर 2.49 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रही। विदेशी बाजारों में कीमतों पर दबाव के बावजूद आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की तरफ से मजबूत खरीदारी के कारण घरेलू बाजार में भाव में तेजी रही।

हालांकि, अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,000 रुपये, यानी 1.3 प्रतिशत टूटकर 1,52,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रहा। बृहस्पतिवार को बाजार बंद होने के समय इसकी कीमत 1,54,800 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘ऊर्जा की ऊंची कीमतों और अमेरिका-ईरान बातचीत को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच सोमवार को कम कारोबार वाले सत्र में सोने की कीमत में गिरावट आई।’’

उन्होंने कहा कि तेल की बढ़ती कीमतों से ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची बने रहने की आशंका है। साल के आखिर में इनमें और तेजी आने की आशंका है।

गांधी ने कहा, ‘‘इस नजरिए ने डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल दोनों को सहारा दिया है। सत्र के दौरान ये दोनों ऊपर चढ़े, जिससे कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बना।’’

सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमतों में 6,800 रुपये यानी 2.8 प्रतिशत की तेजी आई और यह 2,49,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) पर पहुंच गई। पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,42,700 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

वैश्विक स्तर पर, हाजिर चांदी 2.55 प्रतिशत टूटकर 73.43 डॉलर प्रति औंस रही, जबकि सोना 49.27 डॉलर यानी 1.07 प्रतिशत फिसलकर 4,565.68 डॉलर प्रति औंस रहा।

मिराए एसेट शेयरखान में जिंस मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के बीच हाजिर सोना निचले स्तर पर रहा और 4,560 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना रहा।’’

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

रमण