मजबूत वैश्विक रुख से चांदी 1,000 रुपये बढ़कर 2.46 लाख रुपये पर, सोना टूटा
मजबूत वैश्विक रुख से चांदी 1,000 रुपये बढ़कर 2.46 लाख रुपये पर, सोना टूटा
नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में तीन दिन की गिरावट के बाद चांदी की कीमतें 1,000 रुपये बढ़कर 2.46 लाख रुपये प्रति किग्रा हो गई हैं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है।
हालांकि, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 300 रुपये घटकर 1,56,700 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गया।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘बुधवार को चांदी में हल्की बढ़त हुई, जो हाल की तेज गिरावट के बाद स्थिर हुई क्योंकि निचले स्तर पर सटोरिया लिवाली उभरी।’’
उन्होंने कहा कि मजबूत डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत परिदृश्य को लेकर अनिश्चितता के बीच अल्पावधिक धारणा सतर्क बना हुआ है। हालांकि, सुरक्षित निवेश मांग और केन्द्रीय बैंक की चल रही लिवाली गिरावट के समय समर्थन दे रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 2.06 डॉलर या तीन प्रतिशत बढ़कर 75.60 डॉलर प्रति औंस हो गई, और सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 4,918.64 डॉलर प्रति औंस हो गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में परिष्ठ विश्लेषक-जिंस, सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच सोना एक सीमित दायरे में ही रहा।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


