आदित्य बिड़ला समूह तार एवं केबल कारोबार में दी दस्तक, 1,800 करोड़ रुपये करेगी निवेश
आदित्य बिड़ला समूह तार एवं केबल कारोबार में दी दस्तक, 1,800 करोड़ रुपये करेगी निवेश
मुंबई, तीन सितंबर (भाषा) विभिन्न कारोबार क्षेत्रों से जुड़े आदित्य बिड़ला समूह ने बृहस्पतिवार को तार और केबल कारोबार में कदम रखा। समूह इस क्षेत्र में 1,800 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।
समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि ‘अल्ट्रावोल्ट’ नाम से शुरू किया गया यह नया कारोबार पिछले तीन वर्षों में समूह की तीसरी बड़ी शुरुआत है। इससे पहले समूह ने पेंट, बी2बी (कंपनियों के बीच) ई-कॉमर्स और आभूषण खुदरा कारोबार में कदम रखा था।
बिड़ला ने यहां नए कारोबार शुरू किए जाने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘हमारी सफलता का मूल आधार उत्पाद और इसके अंतर्निहित कलपुर्जों की गहरी समझ में निहित है। एल्युमीनियम और तांबे में हमारी विशेषज्ञता गुणवत्ता, प्रदर्शन और एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है।’’
समूह के निदेशक दिलीप गौड़ ने कहा कि तार और केबल की लागत में तांबे और एल्युमीनियम की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत है। सीमेंट कारोबार में मौजूदगी से अल्ट्रावोल्ट को प्रतिस्पर्धियों से चार से छह महीने पहले कारोबारी अवसर का लाभ उठाने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि समूह के कुल 1,800 करोड़ रुपये तक के निवेश के आधार पर अल्ट्रावोल्ट का लक्ष्य अगले तीन से पांच वर्षों में तार और केबल श्रेणी में दूसरा सबसे बड़ी इकाई बनना है।
गौड़ ने कहा कि कंपनी ने गुजरात के भरूच में कारखाना लगाया है। इसकी क्षमता मौजूदा विनिर्माण इकाइयों में दूसरी सबसे अधिक है।
बिड़ला ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में तीन प्रमुख रुझान…शहरीकरण, विद्युतीकरण और डिजिटलीकरण…नए कारोबार के लिए बड़े अवसर पैदा करेंगे। कंपनी देश के 500 जिलों और 6,000 पिनकोड में उपस्थिति के साथ शुरुआत कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारत के बिजली ग्रिड का आधुनिकीकरण, नवीकरणीय ऊर्जा का तेजी से विस्तार, मेट्रो रेल नेटवर्क का निर्माण और इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बदलाव से विशेष प्रकार के केबल की मांग बढ़ेगी। वहीं, डिजिटलीकरण और डेटा सेंटर के विस्तार से भी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से कारोबार के अवसर पैदा होंगे।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


