चांदी 700 रुपये मजबूत, सोने में 300 रुपये की तेजी

चांदी 700 रुपये मजबूत, सोने में 300 रुपये की तेजी

चांदी 700 रुपये मजबूत, सोने में 300 रुपये की तेजी
Modified Date: April 21, 2026 / 08:01 pm IST
Published Date: April 21, 2026 8:01 pm IST

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को चांदी की कीमत 700 रुपये बढ़कर 2.58 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि वैश्विक अनिश्चितता और मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच सोने की कीमतों में भी मामूली बढ़त देखने को मिली।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 300 रुपये बढ़कर 1,57,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने बताया कि घरेलू बाजारों में सोने की कीमत में मामूली तेजी देखने को मिली, क्योंकि पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते निवेशक ‘सुरक्षित निवेश’ की ओर रुख कर रहे हैं।

हालांकि, वैश्विक रुझान कमजोर बने रहे। हाजिर चांदी 1.29 प्रतिशत घटकर 78.69 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि सोना लगभग एक प्रतिशत घटकर 4,776.85 डॉलर प्रति औंस रह गया।

मिराए एसेट शेयरखान में प्रमुख (जिंस) प्रवीण सिंह ने बताया कि डॉलर में मजबूती और अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण हाजिर सोना 4,780 डॉलर प्रति औंस के स्तर के आसपास बना रहा।

उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा ईरान के साथ बातचीत की संभावना का संकेत दिए जाने के बावजूद तेहरान ने बातचीत में शामिल होने का कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है।

ऑगमोंट में शोध मामलों की प्रमुख रेनीशा चैनानी ने कहा कि बाजार भागीदार इस बात पर बारीकी से नजर रख रहे हैं कि क्या अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत आगे बढ़ेगी और क्या इससे संघर्ष विराम की अवधि में विस्तार होगा या कोई व्यापक शांति समझौता हो पाएगा।

उन्होंने कहा कि सोने की कीमत की दिशा पश्चिम एशिया में जारी तनाव से जुड़े घटनाक्रमों और ऊर्जा की लागत तथा मुद्रास्फीति की उम्मीदों पर पड़ने वाले उनके प्रभाव से ही निर्धारित होती रहेगी।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण


लेखक के बारे में