वाशिंगटन, एक सितंबर (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कतर के वित्त मंत्री अली बिन अहमद अल कुवारी से मुलाकात की। इस दौरान अल कुवारी ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि की सराहना की।
दोनों मंत्रियों की यह मुलाकात सोमवार को एशविले में जी-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नर की बैठक के दौरान अलग से हुई।
वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अल कुवारी ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के बीच भारत के मजबूत आर्थिक प्रदर्शन की सराहना की।’’
कतर के वित्त मंत्री ने सीतारमण को इस महीने के अंत में दोहा में होने वाली एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) के संचालन मंडल की 11वीं वार्षिक बैठक में शामिल होने का भी निमंत्रण दिया।
उन्होंने कहा कि कतर सफल बैठक के लिए भारत की निरंतर भागीदारी की उम्मीद करता है।
दोनों नेताओं ने भारत और कतर के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी तथा आर्थिक सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। बातचीत में व्यापार एवं वित्त, निवेश, ऊर्जा सहयोग, निवेश पर भारत-कतर संयुक्त कार्यबल, पोत परिवहन, बंदरगाह और लॉजिस्टिक सहित बुनियादी ढांचा, अत्याधुनिक विनिर्माण तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क जैसे मुद्दे शामिल रहे।
भाषा रमण अजय
अजय