सीतारमण कनाडा, अमेरिका की आठ दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगी

Ads

सीतारमण कनाडा, अमेरिका की आठ दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगी

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 05:41 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 05:41 PM IST

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों (एफएमसीबीजी) की बैठक में भाग लेने के 25 अगस्त से दो सितंबर तक कनाडा और अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगी। इस दौरान वह द्विपक्षीय आर्थिक तथा वित्तीय सहयोग, निवेश के अवसरों और वैश्विक आर्थिक प्राथमिकताओं पर बातचीत भी करेंगी।

वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अपनी यात्रा के पहले चरण में टोरंटो में सीतारमण कनाडा के वित्त और राष्ट्रीय राजस्व मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन के साथ ‘आर्थिक और वित्तीय संवाद’ में भाग लेंगी।

बयान में कहा गया कि इस संवाद में व्यापक आर्थिक घटनाक्रमों, वित्तीय क्षेत्र के सहयोग, द्विपक्षीय निवेश अवसरों और साझा अंतरराष्ट्रीय प्राथमिकताओं को शामिल किए जाने की उम्मीद है। इससे नए सिरे से शुरू हुई भारत-कनाडा साझेदारी के आर्थिक और वित्तीय संबंधों को मजबूती मिलेगी।

हाल के महीनों में, दोनों पक्षों ने ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, प्रौद्योगिकी, नवोन्मेष और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों में सहयोग के साथ ही व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) की दिशा में जारी प्रयासों पर चर्चा की है।

सीतारमण ऊर्जा, कृत्रिम मेधा और महत्वपूर्ण खनिजों सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ एक निवेश गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगी। इसका मकसद कंपनियों के बीच (बी2बी) संपर्कों को बढ़ावा देना और गिफ्ट सिटी-आईएफएससी सहित निवेश के अवसरों की पहचान करना है। इसके अलावा, वह टोरंटो में भारतीय प्रवासियों से भी बातचीत करेंगी।

यात्रा के दूसरे चरण में वह 28 अगस्त से दो सितंबर के बीच अमेरिका के शिकागो, ऐशविले और न्यूयॉर्क शहर जाएंगी। वह शिकागो में एक निवेशक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी और भारत के निवेश अवसरों, आर्थिक संभावनाओं तथा व्यावसायिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा करेंगी।

इसके बाद वह नॉर्थ कैरोलिना के ऐशविले जाएंगी, जहां वह 31 अगस्त और एक सितंबर को जी20 समूह की अमेरिकी अध्यक्षता के तहत वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण