ओएनजीसी के प्रमुख पद की दौड़ में ऑयल इंडिया के सीएमडी रंजीत रथ सहित छह उम्मीदवार शामिल
ओएनजीसी के प्रमुख पद की दौड़ में ऑयल इंडिया के सीएमडी रंजीत रथ सहित छह उम्मीदवार शामिल
नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस कंपनी ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद के लिए ऑयल इंडिया लिमिटेड के प्रमुख (सीएमडी) रंजीत रथ समेत आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों ने आवेदन किया है। मामले से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी।
रथ (54) लगातार दूसरे वर्ष ओएनजीसी के शीर्ष पद की दौड़ में शामिल हुए हैं। सरकार ने इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा समेत पात्रता संबंधी मानदंडों में ढील दी है, जिसके बाद उन्होंने फिर से आवेदन किया है।
रथ पिछले वर्ष भी ओएनजीसी प्रमुख पद के लिए चुने गए उम्मीदवारों की सूची में शामिल थे, लेकिन सरकार ने मौजूदा चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अरुण कुमार सिंह का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया था।
रथ अगस्त, 2022 से देश की दूसरी सबसे बड़ी पेट्रोलियम कंपनी ऑयल इंडिया का नेतृत्व कर रहे हैं।
आवेदन करने वालों में ओएनजीसी विदेश लिमिटेड (ओवीएल) के प्रबंध निदेशक राजर्षि गुप्ता भी शामिल हैं। सरकार द्वारा अधिकतम प्रवेश आयु 59 वर्ष किए जाने के बाद वह इस पद के लिए पात्र हुए हैं।
गुप्ता (59) जुलाई, 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं और इस पद के लिए आवेदन करने वाले आंतरिक उम्मीदवारों में सबसे वरिष्ठ हैं।
सूत्रों के अनुसार, ओएनजीसी के प्रौद्योगिकी एवं क्षेत्रीय सेवाओं के निदेशक विक्रम सक्सेना, रणनीति एवं कॉरपोरेट मामलों के निदेशक सत्यम कुमार तथा ओवीएल के परिचालन निदेशक दुलाल हलदर ने भी इस पद के लिए आवेदन किया है।
सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने इस पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। मौजूदा सीएमडी अरुण कुमार सिंह का विस्तारित कार्यकाल सात दिसंबर, 2026 को समाप्त होने के साथ यह पद रिक्त होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 22 जुलाई थी।
विज्ञापन के अनुसार, सात दिसंबर, 2026 को रिक्ति की तिथि तक उम्मीदवार की आयु 59 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवार की नियुक्ति शुरुआत में तीन साल के लिए होगी, जिसे कार्य निष्पादन की समीक्षा के बाद दो वर्ष और बढ़ाया जा सकेगा।
विज्ञापन में कहा गया है कि 60 वर्ष की आयु के बाद किसी भी प्रकार की नियुक्ति या कार्यकाल विस्तार अनुबंध के आधार पर होगा।
इस पद के लिए चयन सामान्य पीईएसबी प्रक्रिया के बजाय पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा गठित खोज-सह-चयन समिति करेगी।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


