एसएमएल महिंद्रा का शेयर 20 प्रतिशत चढ़ा, ऊपरी सर्किट सीमा पर पहुंचा

Ads

एसएमएल महिंद्रा का शेयर 20 प्रतिशत चढ़ा, ऊपरी सर्किट सीमा पर पहुंचा

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 06:37 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 06:37 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) एसएमएल महिंद्रा का शेयर बुधवार का 20 प्रतिशत चढ़कर 4,565.50 रुपये पर बंद हुआ।

वाहन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) के अपने ट्रक और बस कारोबार को 525 करोड़ रुपये में एसएमएल महिंद्रा को हस्तांतरित करने की घोषणा के बाद कंपनी का शेयर चढ़ा।

बीएसई में एसएमएल महिंद्रा का शेयर 20 प्रतिशत बढ़कर 4,565.50 रुपये पर बंद हुआ, जो इसकी ऊपरी सर्किट सीमा थी। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में भी शेयर 20 प्रतिशत चढ़कर 4,566 रुपये पर बंद हुआ।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि यह सौदा एसएमएल महिंद्रा को दोनों कारोबार को एक साथ बाजार में उतारकर तेजी से विकास करने में मदद करेगा। इसके अलावा, दोनों कंपनियों के कारोबार के बीच तालमेल का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा, जिससे लाभ बढ़ाने में मदद मिलेगी।

एसएमएल महिंद्रा में महिंद्रा एंड महिंद्रा की हिस्सेदारी करीब 59 प्रतिशत है।

कंपनी के अनुसार, इस पुनर्गठन का उद्देश्य भारत की चौथी सबसे बड़ी वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी बनना है। इसके तहत कंपनी ने अपने उत्पादों का दायरा बढ़ाने के साथ वित्त वर्ष 2030-31 तक राजस्व को 12,500 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

सार्वजनिक रूप से जारी आंकड़ों के अनुसार, एसएमएल महिंद्रा और महिंद्रा के ट्रक एवं बस कारोबार का संयुक्त राजस्व वर्तमान में 6,000 करोड़ रुपये से कम है।

महिंद्रा समूह ने पिछले वर्ष एसएमएल इसुजु (अब एसएमएल महिंद्रा) में बहुलांश हिस्सेदारी हासिल की थी। कंपनी मध्यम और हल्के वाणिज्यिक वाहनों के क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति रखती है। इसके बाद कंपनी का नाम बदलकर एसएमएल महिंद्रा कर दिया गया।

महिंद्रा एंड महिंद्रा का ट्रक और बस कारोबार भारी वाणिज्यिक वाहनों के क्षेत्र में मजबूत है। समझौते के तहत एमएंडएम अपने चाकण संयंत्र से एसएमएल महिंद्रा के लिए भारी वाणिज्यिक वाहनों का अनुबंध निर्माण भी करेगी।

भाषा रमण अजय

अजय