एसटीएलएल ने एडवेंट कोल रिसोर्सेज, सैनिक माइनिंग में 922 करोड़ रुपये में हिस्सेदारी खरीदी

Ads

एसटीएलएल ने एडवेंट कोल रिसोर्सेज, सैनिक माइनिंग में 922 करोड़ रुपये में हिस्सेदारी खरीदी

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 05:00 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 05:00 PM IST

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) विविध कारोबारों से जुड़ी सिंधु ट्रेड लिंक्स लिमिटेड (एसटीएलएल) ने एडवेंट कोल रिसोर्सेज पीटीई लिमिटेड और सैनिक माइनिंग एंड अलाइड सर्विसेज लिमिटेड (एसएमएएसएल) में कुल 922.50 करोड़ रुपये में नियंत्रक हिस्सेदारी हासिल की है।

कंपनी ने बयान में कहा कि उसने सिंगापुर की एडवेंट कोल रिसोर्सेज में 78.26 प्रतिशत हिस्सेदारी 697.05 करोड़ रुपये में और एसएमएएसएल में 50.10 प्रतिशत हिस्सेदारी 225.45 करोड़ रुपये में हासिल की है।

कंपनी के अनुसार, इन अधिग्रहणों से उसकी एकीकृत खनन गतिविधियों का विस्तार होगा। इससे कोयला, परिवहन और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में उसकी क्षमताएं बढ़ेंगी तथा इंडोनेशिया के कोयला बाजार में उसकी मौजूदगी मजबूत होगी।

एडवेंट कोल रिसोर्सेज की इंडोनेशिया की एक कोयला परियोजना में प्रभावी रूप से 100 प्रतिशत आर्थिक हिस्सेदारी है।

कंपनी के अनुसार, इस परियोजना क्षेत्र में करीब 62 करोड़ टन कोयला उपलब्ध होने का अनुमान है। परियोजना में खदान को 130 किलोमीटर लंबे परिवहन गलियारे के जरिये गहरे समुद्री बंदरगाह और प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ने वाला बुनियादी ढांचा भी शामिल है। यह परियोजना इंडोनेशिया के ईस्ट कालीमंतन में विकसित की जा रही है।

एसएमएएसएल के अधिग्रहण से एसटीएलएल की खनन क्षमताएं भी मजबूत होंगी। एसएमएएसएल खदान विकास एवं परिचालन (एमडीओ), खदान की ऊपरी अवांछित परत हटाने, कोयला निकालने और कोयला परिवहन जैसी सेवाएं देती है।

कंपनी के पास दीर्घकालिक अनुबंधों और अन्य कंपनियों के लिए खनन गतिविधियां संचालित करने का भी अनुभव है।

एसटीएलएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विकास सिंह हुड्डा ने कहा कि परिचालन क्षमताओं, रणनीतिक परिसंपत्तियों और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी के साथ कंपनी अपने कारोबार का विस्तार करने तथा बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की स्थिति में है।

भाषा योगेश रमण

रमण