नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) जापान की वाहन विनिर्माता सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन ने भारत में अपनी उत्पादन क्षमता लगातार बढ़ाते हुए वित्त वर्ष 2029-30 से सालाना 40 लाख वाहनों के उत्पादन का लक्ष्य रखा है। कंपनी भारत को दुनियाभर के ग्राहकों के लिए वाहनों के विनिर्माण एवं निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाना चाहती है।
मारुति सुजुकी इंडिया में करीब 58 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाली जापानी कंपनी ने शुक्रवार को अगले 10 वर्षों की अपनी रणनीति जारी करते हुए यह जानकारी दी।
इस रणनीति के तहत सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन ने वित्त वर्ष 2019-20 के स्तर की तुलना में वित्त वर्ष 2029-30 तक वाहन विकास दक्षता में 30 प्रतिशत और विनिर्माण दक्षता में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा है।
सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने कंपनी की ‘प्रौद्योगिकी रणनीति ब्रीफिंग 2026’ में कहा कि 2030 तक नए वाहनों के विकास में लगने वाला समय आधा किया जाएगा। इसके साथ विकास दक्षता में 30 प्रतिशत और विनिर्माण दक्षता में 50 प्रतिशत सुधार का लक्ष्य है।
कंपनी ने कहा कि गुरुग्राम और मानेसर संयंत्रों के बाद 2017 में हंसलपुर और 2025 में खरखौदा संयंत्र शुरू होने के साथ भारत में उसकी उत्पादन क्षमता बढ़ी है।
कंपनी ने कहा, ‘‘भारत को दुनियाभर के ग्राहकों के लिए उत्पाद उपलब्ध कराने वाले विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में अधिक मजबूत किया जाएगा। वित्त वर्ष 2029-30 और उसके बाद सालाना करीब 40 लाख इकाइयों की उत्पादन क्षमता हासिल करने का लक्ष्य है।’’
जापानी कंपनी ने कहा कि वह विभिन्न स्थानीय बाजारों में ऊर्जा की अलग-अलग परिस्थितियों और बुनियादी ढांचे को ध्यान में रखते हुए बहु-विकल्पीय रणनीति को और तेज करेगी।
भाषा यासिर प्रेम
प्रेम