नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) उड़ान योग्यता, हवाई सुरक्षा और अन्य निदेशालयों के लिए 38 सलाहकारों की भर्ती करने जा रहा है।
नागर विमानन नियामक कर्मचारियों की कमी का सामना कर रहा है।
एक सार्वजनिक सूचना के अनुसार, उड़ान योग्यता निदेशालय में 24 और हवाई सुरक्षा निदेशालय में छह सलाहकारों के पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं विधिक मामलों के निदेशालय (डीआईआरएलए) में पांच वरिष्ठ सलाहकार और दो सलाहकार नियुक्त किए जाएंगे।
एक अन्य सार्वजनिक सूचना के मुताबिक, उड़ान प्रशिक्षण निदेशालय में भी एक सलाहकार की नियुक्ति की जाएगी।
ये सभी नियुक्तियां अनुबंध के आधार पर की जाएंगी, जो प्रारंभ में एक वर्ष के लिए होंगी और कुछ शर्तों के अधीन होंगी। आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा 63 वर्ष निर्धारित की गई है।
नियामक में लगभग आधे स्वीकृत पद रिक्त पड़े होने के कारण कर्मचारियों की कमी बनी हुई है।
नागर विमानन मंत्रालय ने पांच फरवरी को लोकसभा में बताया था कि 15 जनवरी तक डीजीसीए में 1,630 स्वीकृत पद थे, जिनमें से 787 पद रिक्त हैं।
सार्वजनिक सूचनाओं के अनुसार, नियुक्तियां प्रारंभ में एक वर्ष के लिए या सलाहकार के 65 वर्ष की आयु के होने तक, या पात्रता शर्तों के अनुसार पात्र रहने तक, या नियमित नियुक्ति होने तक, या अगले आदेश तक…जो भी पहले हो, के आधार पर होंगी।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है।
भाषा निहारिका अजय
अजय