आंध्र प्रदेश में पवन परियोजनाओं पर 10,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी सुजलॉन

आंध्र प्रदेश में पवन परियोजनाओं पर 10,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी सुजलॉन

आंध्र प्रदेश में पवन परियोजनाओं पर 10,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी सुजलॉन
Modified Date: August 24, 2026 / 04:44 pm IST
Published Date: August 24, 2026 4:44 pm IST

अमरावती, 24 अगस्त (भाषा) पवन ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी सुजलॉन ग्रुप आंध प्रदेश में विस्तार के तहत राज्य में 10,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।

राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश अनंतपुर जिले के कानेकलू मंडल के हुलिकेर गांव में सुजलॉन के नए एस144 पवन टर्बाइन ब्लेड का मंगलवार को उद्घाटन करेंगे।

कंपनी ने सोमवार को जारी बयान में कहा, ‘‘सुजलॉन समूह आंध्र प्रदेश में विस्तार के तहत 10,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रहा है। इसमें अनंतपुर जिले के रायादुर्ग विधानसभा क्षेत्र में 1,325 मेगावाट की नई पवन ऊर्जा परियोजनाओं का विकास शामिल है।’’

नई परियोजनाओं से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष करीब 4,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। सुजलॉन का लक्ष्य 2030 तक आंध्र प्रदेश में अतिरिक्त पांच गीगावाट की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित करना है।

कंपनी ने कहा कि राज्य में उसके पास पहले से 1,700 मेगावाट से अधिक की स्थापित पवन ऊर्जा क्षमता है।

सुजलॉन ने 2004 में आंध्र प्रदेश में अपना परिचालन शुरू किया था और तब से अनंतपुर जिले में विनिर्माण तथा परियोजना संबंधी गतिविधियों का विस्तार किया है।

बयान के अनुसार, कंपनी ने अब तक आंध्र प्रदेश में करीब 12,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इससे राज्य में पहले ही करीब 2,200 लोगों को रोजगार मिला है।

आंध्र प्रदेश सरकार और सुजलॉन बड़े पैमाने पर हरित कौशल विकास कार्यक्रम पर भी मिलकर काम कर रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के लिए तैयार करना है।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में