अमेरिका, ईरान के बीच तनाव बढ़ने से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 172 अंक टूटा

अमेरिका, ईरान के बीच तनाव बढ़ने से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 172 अंक टूटा

अमेरिका, ईरान के बीच तनाव बढ़ने से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 172 अंक टूटा
Modified Date: August 24, 2026 / 04:30 pm IST
Published Date: August 24, 2026 4:30 pm IST

मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। बीएसई सेंसेक्स 172 अंक टूटा, जबकि एनएसई निफ्टी 33 अंक के नुकसान में रहा। वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की ऊंची कीमत से जोखिम लेने की धारणा प्रभावित हुई।

विशेषज्ञों ने कहा कि अमेरिका की ओर से ईरान पर नए प्रतिबंध लगाए जाने की आशंका के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।

सकारात्मक शुरुआत के बावजूद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स शुरुआती बढ़त कायम नहीं रख सका और 171.72 अंक यानी 0.22 प्रतिशत टूटकर 77,369.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 339.17 अंक तक लुढ़क गया था।

इसी तरह 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 32.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,219.05 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, एचसीएल टेक, इन्फोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.80 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘एशियाई बाजारों में कमजोर रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। पश्चिम एशिया को लेकर नए सिरे से चिंता और बैंक तथा वित्तीय शेयरों में बिकवाली से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका के ईरान और उसके व्यापारिक साझेदारों पर नए प्रतिबंध लगाए जाने की आशंका के बीच बाजार में सतर्कता रही। अमेरिका ने ईरान के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई की चेतावनी दी है, जबकि ईरान ने जवाबी कार्रवाई में खाड़ी देशों से होने वाले तेल निर्यात को रोकने की धमकी दी है। इससे तनाव और बढ़ने की आशंका को लेकर निवेशक चिंतित रहे।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन में शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘निवेशकों की नजर अमेरिका के ईरान पर नए प्रतिबंधों पर है। इसके कारण बाजार में सतर्कता का माहौल रहा। मुनाफावसूली के कारण ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत में नरमी आई, लेकिन यह 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रही।’’

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 542.71 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

शुक्रवार को सेंसेक्स लगभग स्थिर रहा और 3.11 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,540.83 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 20.15 अंक बढ़कर 24,252 अंक पर रहा था।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में