सुजलॉन चालू वित्त वर्ष में नई इकाई में 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

Ads

सुजलॉन चालू वित्त वर्ष में नई इकाई में 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 10:06 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 10:06 PM IST

मुंबई, तीन जून (भाषा) विंड टर्बाइन बनाने वाली कंपनी ‘सुजलॉन’ ने बुधवार को अपने कारोबार में विविधता लाने की घोषणा की, जिसका उद्देश्य एक पूर्ण-विकसित नवीकरणीय ऊर्जा समाधान कंपनी बनना है।

सुजलॉन ने बयान में कहा कि कंपनी अब बैटरी भंडारण सहित कई नए व्यवसायों में प्रवेश करेगी। इसके साथ ही यह एक एकीकृत सह-विकास मंच भी शुरू करेगी, जिसके जरिये नवीकरणीय ऊर्जा की संभावनाओं को बड़े पैमाने पर निष्पादन-तैयार परियोजनाओं में बदला जाएगा। इस मंच को कंपनी ने ‘आरई डेवको’ नाम दिया है।

कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि केवल इस ‘डेवको’ इकाई में वित्त वर्ष 2026-27 में 500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसके अलावा अन्य व्यवसाय क्षेत्रों में भी 600 से 700 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया जाएगा।

सुजलॉन ने बुधवार को अपने अगले पांच वर्षों के लक्ष्य भी साझा किए। इसके तहत कंपनी का लक्ष्य है कि उसकी वार्षिक नवीकरणीय ऊर्जा बिक्री चार गुना बढ़कर 10 गीगावाट तक पहुंच जाए तथा वर्ष 2031 तक उसकी ऑर्डर बुक 15 गीगावाट तक बढ़े।

सुजलॉन के वाइस चेयरमैन गिरिश तांती ने कहा, “जैसे-जैसे दुनिया विद्युतिकरण के बड़े दौर में प्रवेश कर रही है, सुजलॉन 2.0 ग्राहकों और देशों के साथ मिलकर ऊर्जा परिवर्तन को गति देने के लिए तैयार है।”

भाषा योगेश अजय

अजय