पेटीएम के विजय शेखर शर्मा नहीं बेच रहे हिस्सेदारी, बिक्री से मिलने वाली राशि एंटफिन को जाएगी

Ads

पेटीएम के विजय शेखर शर्मा नहीं बेच रहे हिस्सेदारी, बिक्री से मिलने वाली राशि एंटफिन को जाएगी

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 11:46 AM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 11:46 AM IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) पेटीएम के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विजय शेखर शर्मा को वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (पेटीएम) में निवेश इकाई रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट बीवी की 4.98 प्रतिशत हिस्सेदारी की प्रस्तावित बिक्री से उन्हें कोई वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा। इस बिक्री से प्राप्त राशि एंटफिन को जाएगी।

इसके अलावा, पेटीएम में शर्मा की करीब नौ प्रतिशत प्रत्यक्ष हिस्सेदारी में भी कोई बदलाव नहीं होगा। यह कंपनी के प्रति संस्थापक की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

पेटीएम ने सोमवार देर शाम शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वह प्रस्तावित बिक्री में पक्षकार नहीं है और ‘‘संस्थापक (शर्मा) की प्रत्यक्ष हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं होगा।’’

प्रस्तावित सौदा रेजिलिएंट और एंटफिन के बीच मौजूदा वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय ऋणपत्र समझौते के तहत किया जाएगा।

शर्मा की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई रेजिलिएंट इस हिस्सेदारी को बेचेगी, लेकिन समझौते की शर्तों के तहत इस लेनदेन से मिलने वाली राशि पूरी तरह एंटफिन के पास जाएगी।

यह व्यवस्था अगस्त 2023 से जारी है। उस समय रेजिलिएंट ने एंटफिन से पेटीएम की करीब 10.2 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी और इसके बदले एंटफिन को वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय ऋणपत्र जारी किए थे। तब से इन शेयर पर आर्थिक हित एंटफिन का रहा है, जबकि रेजिलिएंट के पास उनके कानूनी एवं मतदान संबंधी अधिकार हैं।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पेटीएम की लाभप्रदता में लगातार सुधार हो रहा है। वन97 कम्युनिकेशंस ने वित्त वर्ष 2025-26 में 552 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। इस दौरान उसका राजस्व 22 प्रतिशत बढ़कर 8,437 करोड़ रुपये हो गया। 2021 में सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी पहली बार किसी वित्त वर्ष में मुनाफे में रही थी।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा