सुजुकी समर्थित नेक्स्ट भारत वेंचर्स ने 2,000 करोड़ रुपये के दूसरे निवेश कोष की घोषणा की
सुजुकी समर्थित नेक्स्ट भारत वेंचर्स ने 2,000 करोड़ रुपये के दूसरे निवेश कोष की घोषणा की
नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) जापान की सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन समर्थित नेक्स्ट भारत वेंचर्स आईएफएससी प्राइवेट लिमिटेड ने 2,000 करोड़ रुपये के अपने दूसरे निवेश कोष की घोषणा सोमवार को की।
इसका उद्देश्य भारत में कृषि, वित्तीय समावेश, स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक हित के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) समेत विभिन्न क्षेत्रों के स्टार्टअप को समर्थन देना है।
इससे पहले नेक्स्ट भारत वेंचर्स (एनबीवी) ने अपने पहले 340 करोड़ रुपये के कोष के माध्यम से 20 से अधिक ‘इम्पैक्ट ऑर्गेनाइजेशन’ में निवेश किया था।
नेक्स्ट भारत वेंचर्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विपुल जिंदल नाथ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि दूसरे कोष का अधिकतर निवेश सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन एक एंकर लिमिटेड पार्टनर (एलपी) के रूप में करेगी। इसके अलावा जापान की अन्य कंपनियों से भी निवेश जुटाया जाएगा।
कोष किन क्षेत्रों में लगाया जाएगा यह पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ हम मूल रूप से उन सभी क्षेत्रों में निवेश करते हैं, जहां कोई स्टार्टअप ग्रामीण भारत, छोटे व मझोले शहरों या बड़े शहरों में असंगठित तथा ‘गिग’ क्षेत्र से जुड़े कामगारों के स्थानीय समुदायों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।’’
कोष के निवेश की समयसीमा के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘ हम अगले तीन से चार वर्ष में 2,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।’’
जापान से लगभग पूरा कोष जुटाने के कारण पर नाथ ने कहा, ‘‘ क्योंकि हमारा मानना है कि जापानी संस्थान निवेश के मामले में कहीं अधिक धैर्यवान होते हैं।’’
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


