स्विगी इंस्टामार्ट से अब मंगाए जा सकेंगे रसोई गैस सिलेंडर, एचपीसीएल के साथ साझेदारी

स्विगी इंस्टामार्ट से अब मंगाए जा सकेंगे रसोई गैस सिलेंडर, एचपीसीएल के साथ साझेदारी

स्विगी इंस्टामार्ट से अब मंगाए जा सकेंगे रसोई गैस सिलेंडर, एचपीसीएल के साथ साझेदारी
Modified Date: July 15, 2026 / 09:34 pm IST
Published Date: July 15, 2026 9:34 pm IST

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) स्विगी के त्वरित आपूर्ति मंच इंस्टामार्ट ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के साथ साझेदारी में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति शुरू करने की बुधवार को घोषणा की।

इस साझेदारी के तहत एचपीसीएल का नया 10 किलोग्राम के कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ‘एचपी नव्या’ इंस्टामार्ट पर उपलब्ध कराया गया है।

एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति सेवा की शुरुआत बेंगलुरु से होगी जहां उपभोक्ता 10 किलोग्राम वाले कंपोजिट सिलेंडर के अलावा पांच किलोग्राम के छोटे सिलेंडर भी ऑर्डर कर सकेंगे।

इंस्टामार्ट ने बयान में कहा कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए ग्राहक के पास कोई मौजूदा घरेलू एलपीजी कनेक्शन होने की जरूरत नहीं होगी। इस वजह से छात्र, कामकाजी पेशेवर और छोटे परिवार भी जरूरत के अनुरूप सिलेंडर ऑर्डर पर मंगा सकेंगे।

ग्राहक इंस्टामार्ट के मंच पर 10 किलोग्राम के कंपोजिट सिलेंडर या पांच किलोग्राम वाले छोटे एलपीजी सिलेंडर का चयन कर ऑर्डर दे सकते हैं। पहली बार सिलेंडर नई खरीद के रूप में दिया जाएगा, जबकि बाद में खाली सिलेंडर लौटाकर रिफिल मंगाया जा सकेगा।

पहली बार ऑर्डर करने पर ग्राहक की पहचान के सत्यापन और आपूर्ति से जुड़े दस्तावेज भी अनिवार्य होंगे।

कंपनी ने बताया कि सभी ऑर्डर एचपीसीएल के अधिकृत वितरकों के जरिये पूरे किए जाएंगे और प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत इनकी आपूर्ति की जाएगी।

इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमितेश झा ने कहा कि अब यह मंच केवल किराना तक सीमित नहीं रहा है और एचपीसीएल के साथ साझेदारी से जरूरी घरेलू सेवाओं को भी आसान बनाया जा रहा है।

एचपीसीएल के निदेशक (विपणन) अमित गर्ग ने कहा कि इस डिजिटल मंच के जरिये रसोई गैस सिलेंडर को ग्राहकों तक तेज और सुविधाजनक ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में