नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) सिम्बायोटेक फार्मालैब लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को 71.26 गुना अभिदान मिला।
एनएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ के तहत 1,31,24,929 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 93,52,49,700 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित हिस्से को 172.03 गुना बोलियां मिली। गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 73.63 गुना अभिदान मिला, जबकि खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 12.96 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।
सिम्बायोटेक फार्मालैब ने शुक्रवार को एंकर निवेशकों से 526 करोड़ रुपये जुटाए।
कंपनी का आईपीओ 150 करोड़ रुपये तक के नए शेयरों के निर्गम और 1,607 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण हैं।
आईपीओ का मूल्य दायरा 938-988 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है, जिससे ऊपरी सीमा पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 6,350 करोड़ रुपये हो जाता है।
नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए करेगी।
इंदौर स्थित सिम्बायोटेक फार्मालैब अनुसंधान एवं विकास पर केंद्रित दवा तथा जैव-प्रौद्योगिकी कंपनी है।
कंपनी के शेयर को एक सितंबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा यासिर योगेश
योगेश