टाटा पावर सोलर रूफटॉप ने उप्र में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया अभियान

टाटा पावर सोलर रूफटॉप ने उप्र में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया अभियान

टाटा पावर सोलर रूफटॉप ने उप्र में सौर ऊर्जा  को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया अभियान
Modified Date: May 29, 2026 / 07:58 pm IST
Published Date: May 29, 2026 7:58 pm IST

लखनऊ, 29 मई (भाषा) टाटा पावर की अनुषंगी कंपनी ‘टाटा पावर सोलर रूफटॉप’ ने उत्तर प्रदेश में छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक अभियान की शुरुआत की।

इस पहल का मकसद राज्य भर के घरों में हर समय स्वच्छ ऊर्जा की आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

कंपनी ने लखनऊ में एकीकृत बैटरी ऊर्जा भंडारण समाधान प्रदाता ‘टाटा पावर बैटरी स्टोरेज’ के साथ मिलकर इस ‘घर घर सोलर’ अभियान को पेश किया।

कंपनी के बयान के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं की बिजली की बढ़ती जरूरतों को किफायती और टिकाऊ तरीके से पूरा करने में मदद करना है।

टाटा पावर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) प्रवीर सिन्हा ने कहा, ‘मजबूत नीतिगत प्रोत्साहन और स्वच्छ ऊर्जा के लिए उपभोक्ताओं की बढ़ती मांग के कारण उत्तर प्रदेश देश में सबसे तेजी से बढ़ते छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने वाले क्षेत्रों में से एक बनकर उभरा है। अपने ‘घर घर सोलर’ अभियान के जरिये हमारा लक्ष्य एक ही एकीकृत मंच पर आसान ऋण सुविधा के साथ बैटरी स्टोरेज को जोड़कर छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने की प्रक्रिया को अधिक सुलभ और किफायती बनाना है।’

भाषा अरूणव जफर योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में