टाटा पावर सोलररूफ ने छतों पर लगाईं पांच लाख से अधिक सौर प्रणाली

Ads

टाटा पावर सोलररूफ ने छतों पर लगाईं पांच लाख से अधिक सौर प्रणाली

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 07:39 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 07:39 PM IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लि. की इकाई टाटा पावर सोलररूफ ने देशभर में छतों पर पांच लाख से अधिक सौर प्रणाली लगायी है। इसके साथ ही देश में 8,500 करोड़ रुपये से अधिक के सौर वित्तपोषण की सुविधा उपलब्ध कराई है।

कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि उसने छतों पर 31 जुलाई, 2026 तक 5,19,673 सौर प्रणाली की स्थापना की है। यह ‘रूफटॉप’ सौर बाजार में 14 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। कंपनी का 2029 तक 30 लाख सौर प्रणाली लगाने का लक्ष्य है।

बयान में कहा गया कि टाटा पावर सोलररूफ ने 25 से अधिक वित्तपोषण भागीदारों के नेटवर्क के जरिये अब तक 8,500 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तपोषण सुविधा उपलब्ध कराई है। इससे अधिक उपभोक्ताओं और कंपनियों को ‘रूफटॉप’ सौर समाधान अपनाने में मदद मिली है।

टाटा पावर सोलररूफ ने देशभर में छतों पर पांच लाख सौर प्रणाली लगाने का आंकड़ा पार किया है। ये सौर प्रणाली आवासीय, वाणिज्यिक और औद्योगिक क्षेत्रों में विकेंद्रीकृत नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बिजली की लागत कम करने और ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने के लिए ‘रूफटॉप सोलर’ के बढ़ते आकर्षण के बीच कंपनी देशभर में 700 से अधिक चैनल भागीदारों और 250 से अधिक अधिकृत सेवा भागीदारों के नेटवर्क के जरिये अपनी पहुंच बढ़ा रही है।

यह नेटवर्क ग्राहकों को परामर्श और प्रणाली डिजाइन से लेकर सौर प्रणाली लगाने, संचालन शुरू करने और बिक्री के बाद की सेवा तक स्थानीय स्तर पर सहायता उपलब्ध कराता है।

टाटा पावर सोलररूफ सरकार के रूफटॉप सोलर लक्ष्यों में अपनी प्रमुख ‘घर घर सोलर’ पहल के जरिये योगदान दे रही है। यह पहल प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के उद्देश्यों के अनुरूप है।

यह पहल 2024 में शुरू की गई। यह अबतक 11 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश तक पहुंच चुकी है। इनमें ओडिशा, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और बिहार शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कुल मिलाकर 90 करोड़ से अधिक आबादी आती है।

भाषा रमण अजय

अजय