महाराष्ट्र: फर्जी पीएमओ पहचान पत्र और हथियार के साथ बीकेसी मॉल में प्रवेश करने वाले दो लोग गिरफ्तार

Ads

महाराष्ट्र: फर्जी पीएमओ पहचान पत्र और हथियार के साथ बीकेसी मॉल में प्रवेश करने वाले दो लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 07:59 PM IST

मुंबई, आठ सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुंबई की एक स्थानीय अदालत ने मंगलवार को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) इलाके के एक मॉल में कथित रूप से जबरन प्रवेश करने और अपने साथ हथियार व प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का फर्जी पहचान पत्र रखने के आरोप में गिरफ्तार दो लोगों को पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस ने इससे पहले स्पष्ट किया था कि इस घटना का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शहर में आयोजित कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है।

पुलिस के अनुसार, रोहन पारिख (24) और दिलीप कुंडे (49) को महानगर दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 11 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि तीसरे आरोपी प्रथमेश बागुल (26) की अभी तलाश जारी है।

इससे पहले पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि मंगलवार शाम प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र में पीएमओ अधिकारी होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति और उसके हथियारबंद ‘बॉडीगार्ड’ को हिरासत में लिया गया था।

हालांकि, बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह घटना सोमवार शाम बीकेसी स्थित जियो वर्ल्ड प्लाजा में हुई थी और इसका प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं था।

पुलिस ने रोहन पारिख और दिलीप कुंडे की हिरासत का अनुरोध करते हुए अदालत को बताया कि वह यह पता लगाना चाहती है कि आरोपियों ने फर्जी पहचान पत्र कहां से बनवाया था।

अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि पुलिस कुछ अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

आरोपियों की ओर से पेश अधिवक्ता सतीश माने शिंदे ने कहा कि पारिख छात्र है और हाल ही में लंदन से लौटा है।

उन्होंने कहा कि जियो मॉल जाना उनके मुवक्किल का निजी कार्यक्रम था और इसका प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं था।

पुलिस की रिमांड अर्जी में बताया गया कि आरोपी लाइसेंसी हथियार लेकर चल रहे थे, लेकिन उस लाइसेंस की अनुमति केवल नासिक ग्रामीण जिले तक सीमित थी इसलिए उसे मुंबई लाकर उन्होंने कानून का उल्लंघन किया।

सोमवार शाम आरोपियों को मॉल में प्रवेश करते समय रोका गया था।

सुरक्षा गार्डों ने जांच के दौरान पाया कि कुंडे के पास एक हथियार था, इसके बाद आरोपियों ने बहस शुरू कर दी और उनमें से एक ने एक पहचान पत्र की तस्वीर दिखाई और दावा किया कि वह पीएमओ से जुड़ा हुआ है।

सुरक्षा गार्डों को यह संदिग्ध लगा और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद उस वाहन की पहचान की, जिससे आरोपी मॉल पहुंचे थे।

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि वाहन पारिख के नाम पर पंजीकृत था और इसके बाद पुलिस ने पारिख व कुंडे का पता लगाकर उन्हें हिरासत में लिया।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश