नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) ट्रांसफॉर्मर बनाने वाली कंपनी कनोहर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शेयर बिक्री के पहले दिन 2.70 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 1,056 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 1,16,93,326 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 3,15,56,230 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों के हिस्से को 4.87 गुना अभिदान मिला, जबकि खुदरा हिस्से को 3.29 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के कोटा को तीन प्रतिशत अभिदान मिला।
कनोहर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड ने एंकर निवेशकों से 317 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
यह आईपीओ 10 सितंबर को बंद होगा। इसके लिए मूल्य दायरा 601-632 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है।
कंपनी के आईपीओ में 300 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें 1.2 करोड़ शेयरों तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल है।
कंपनी नए निर्गम से मिलने वाली रकम में से 64.1 करोड़ रुपये का इस्तेमाल पूंजीगत खर्च की जरूरतों के लिए करने की योजना बना रही है।
बाकी रकम में से 155 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अतिरिक्त कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा और बची हुई रकम का इस्तेमाल सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय