टाटा स्टील के निदेशक मंडल ने एनआईएनएल के विलय, टीएसएचपी में दो अरब डॉलर निवेश को मंजूरी दी

Ads

टाटा स्टील के निदेशक मंडल ने एनआईएनएल के विलय, टीएसएचपी में दो अरब डॉलर निवेश को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 07:49 PM IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) टाटा स्टील के निदेशक मंडल ने मंगलवार को नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआईएनएल) के अपने साथ विलय और अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी टी स्टील होल्डिंग्स पीटीई (टीएसएचपी) में दो अरब डॉलर के निवेश को मंजूरी दे दी।

टाटा स्टील ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि निदेशक मंडल ने मणिपाल हॉस्पिटल्स ईस्टर्न इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से मेडिका टीएस हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड (मेडिका टीएस हॉस्पिटल) में 1.49 करोड़ रुपये में हिस्सेदारी के अधिग्रहण को भी मंजूरी दे दी है।

टाटा स्टील के निदेशक मंडल ने एनआईएनएल, टाटा स्टील और उनके संबंधित शेयरधारकों के बीच विलय योजना को मंजूरी दे दी है।

यह योजना आवश्यक स्वीकृतियों के अधीन है।

टाटा स्टील ने चार जुलाई 2022 को ओडिशा स्थित एनआईएनएल का अधिग्रहण अपनी पूर्व अनुषंगी टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट्स (टीएसएलपी) के माध्यम से 12,100 करोड़ रुपये में पूरा किया था।

टाटा स्टील के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 से एक या एक से अधिक किस्तों में टीएसएचपी के शेयरों की खरीद के माध्यम से लगभग दो अरब डॉलर (18,488.10 करोड़ रुपये) के निवेश को मंजूरी दी।

कंपनी ने मेडिका टीएस हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड में प्रतिभूतियों के अधिग्रहण को मंजूरी दी है, जिसे मणिपाल हॉस्पिटल्स ईस्टर्न इंडिया से कुल 1.49 करोड़ रुपये में खरीदा जाएगा। हालांकि यह सौदा आवश्यक मंजूरी के अधीन है।

इस सौदे के पूरा होने के बाद मेडिका टीएस हॉस्पिटल टाटा स्टील लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी बन जाएगी।

भाषा योगेश रमण

रमण