चंडीगढ़, 18 सितंबर (भाषा) पंजाब में सरकारी कर्मचारियों के साथ लंबे समय से चले आ रहे गतिरोध को खत्म करते हुए भगवंत मान सरकार ने शुक्रवार को करीब आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनधारकों को राहत देते हुए महंगाई भत्ता (डीए) आठ प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा की।
यह निर्णय मुख्यमंत्री भगवंत मान और कर्मचारी तथा पेंशनभोगी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच यहां हुई बैठक में लिया गया।
‘पंजाब स्टेट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज यूनियन’ के अध्यक्ष गुरनाम सिंह विर्क ने कहा कि डीए में बढ़ोतरी एक अक्टूबर से प्रभावी होगी।
बैठक के बाद मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कर्मचारी और पेंशनधारक संगठनों के साथ आज बहुत सकारात्मक बैठक हुई। कर्मचारी हमारे परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके कल्याण को ध्यान में रखते हुए हमने तुरंत महंगाई भत्ते (डीए) में आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है।’
कर्मचारियों के कल्याण, सम्मान और जायज चिंताओं को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मान ने कहा, ‘‘फैसले के अनुसार कर्मचारियों और पेंशनधारकों को चार-चार प्रतिशत की दो किस्तों में बढ़ा हुआ डीए दिया जाएगा और इसका लाभ एक अक्टूबर से उनके वेतन में दिखाई देगा।’
भाषा योगेश रमण
रमण