नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) मालदीव ने भारत से जुड़े 15 करोड़ डॉलर के ट्रेजरी बिलों की अंतिम पांच करोड़ डॉलर की किस्त का भुगतान पूरा कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘मालदीव सरकार के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) द्वारा खरीदे गए कुल 15 करोड़ डॉलर के ट्रेजरी बिल में से पांच करोड़ डॉलर की अंतिम किस्त का 17 सितंबर को सफलतापूर्वक निपटान कर दिया गया।’’
जायसवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एसबीआई ने 2019 में इन ट्रेजरी बिलों को खरीदा था और उनकी अवधि छह बार एक-एक साल के लिए बढ़ाई गई थी।
उन्होंने कहा कि ट्रेजरी बिलों की मूल राशि का भुगतान मालदीव सरकार ने किया, जबकि पिछले पांच वर्षों में इन पर ब्याज का भुगतान भारत सरकार ने किया।
जायसवाल ने कहा, ‘‘ब्याज के भुगतान में भारत द्वारा दी गई कुल राशि करीब 4.5 करोड़ डॉलर थी।’’
उन्होंने कहा कि भारत ने मालदीव की वित्तीय प्रणाली को समर्थन देने के लिए उसे 3,000 करोड़ रुपये की मुद्रा विनिमय सुविधा भी दी है। इसके अलावा, भारत सरकार ने 35 करोड़ डॉलर मूल्य के ट्रेजरी बॉन्ड भी खरीदे हैं, जो 2029 और 2030 तक वैध हैं।
जायसवाल ने कहा कि भारत विकास सहयोग साझेदारी के तहत मालदीव को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी करता है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत और मालदीव के बीच लंबे समय से विकास साझेदारी रही है।’’
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम
प्रेम
प्रेम