टाटा टेक्नोलॉजीज को चालू वित्त वर्ष में ‘बड़ी छलांग’ की उम्मीद

टाटा टेक्नोलॉजीज को चालू वित्त वर्ष में ‘बड़ी छलांग’ की उम्मीद

टाटा टेक्नोलॉजीज को चालू वित्त वर्ष में ‘बड़ी छलांग’ की उम्मीद
Modified Date: July 26, 2026 / 10:43 am IST
Published Date: July 26, 2026 10:43 am IST

नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) वैश्विक उत्पाद इंजीनियरिंग और डिजिटल सेवा कंपनी टाटा टेक्नोलॉजीज को भरोसा है कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 उसके लिए ‘बड़ी छलांग’ (ब्रेकआउट ईयर) वाला साल साबित होगा।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक वॉरेन हैरिस ने कहा कि दुनिया भर की वाहन विनिर्माता कंपनियां नए उत्पादों के विकास में निवेश बढ़ा रही हैं और अधिक से अधिक कार्य बाहरी कंपनियों को सौंप रही हैं, जिसका सीधा लाभ टाटा टेक्नोलॉजीज को मिल रहा है।

हैरिस ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में कहा कि कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कई पूर्ण वाहन कार्यक्रम परियोजनाएं हासिल की हैं। इनमें टेनेको के साथ 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर का अनुबंध भी शामिल है।

इसके अलावा एक प्रमुख जापानी मूल उपकरण विनिर्माता (ओईएम) ने कंपनी को पूर्ण वाहन इंजीनियरिंग कार्यक्रम सौंपा है, जबकि एक यूरोपीय लक्ज़री वाहन विनिर्माता के साथ बहुवर्षीय समझौता भी हुआ है।

उन्होंने कहा कि कंपनी अपने मजबूत दो अंक की वार्षिक वृद्धि के लक्ष्य को लेकर आश्वस्त है। यह भरोसा ऐसे समय में भी कायम है, जब भू-राजनीतिक चुनौतियां बनी हुई हैं और फॉक्सवैगन तथा बीएमडब्ल्यू जैसी कंपनियां पुनर्गठन और लाभ में दबाव का सामना कर रही हैं।

हैरिस के अनुसार, वाहन विनिर्माता अब केवल उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं जो उनके ब्रांड की पहचान से जुड़े हैं, जबकि अन्य इंजीनियरिंग और विकास कार्य विशेषज्ञ कंपनियों को सौंप रहे हैं। उनका मानना है कि जो कंपनियां पूरे वाहन के विकास की जिम्मेदारी संभाल सकती हैं, भविष्य में वही सबसे अधिक लाभ में रहेंगी।

कंपनी ने पहली तिमाही में 1,664.6 करोड़ रुपये का परिचालन राजस्व हासिल किया है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 33.8 प्रतिशत अधिक है। हैरिस ने इसे कंपनी के लिए ‘बड़ी उपलब्धि’’और आने वाले वर्षों की मजबूत वृद्धि का संकेत बताया।

भाषा अजय अजय

अजय


लेखक के बारे में