मुंबई महानगर क्षेत्र में टैक्सी, ऑटो-रिक्शा का किराया बढ़ा

Ads

मुंबई महानगर क्षेत्र में टैक्सी, ऑटो-रिक्शा का किराया बढ़ा

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 11:06 AM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 11:06 AM IST

मुंबई, एक सितंबर (भाषा) मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में ऑटो-रिक्शा और काली-पीली टैक्सी का किराया मंगलवार को क्रमशः एक रुपये और दो रुपये बढ़ा दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अब यात्रियों को पहले 1.5 किलोमीटर की यात्रा के लिए ऑटो-रिक्शा में न्यूनतम 27 रुपये और टैक्सी में 33 रुपये देने होंगे।

यह किराया वृद्धि ऐसे समय हुई है जब महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने भी आधी रात से संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की कीमत दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर एमएमआर में 88 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी है।

किराये में संशोधन को मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (एमएमआरटीए) ने चार सदस्यीय खटुआ समिति द्वारा तय किए गए सूत्र के आधार पर मंजूरी दी है। यह समिति किराया तय करते समय ईंधन की कीमतों और अन्य परिचालन लागत को ध्यान में रखती है।

आरटीओ के एक अधिकारी ने बताया कि संशोधित टैक्सी किराया 21.90 रुपये प्रति किलोमीटर होगा, जो पहले 20.66 रुपये था। वहीं, ऑटो-रिक्शा का किराया 17.14 रुपये से बढ़ाकर 18.22 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है।

यह किराया संशोधन 18 महीने के अंतराल के बाद हुआ है। एमएमआर में टैक्सी और ऑटो-रिक्शा के किराये में आखिरी बार फरवरी 2025 में तीन-तीन रुपये की वृद्धि की गई थी।

एमएमआर में 4.5 लाख से अधिक ऑटो-रिक्शा और 50,000 से अधिक काली-पीली टैक्सियां हैं। इनमें से ज्यादातर सीएनजी से चलती हैं।

अधिकारी ने कहा कि चालक अपने इलेक्ट्रॉनिक किराया मीटर को दुरुस्त कराकर या आरटीओ द्वारा मंजूर किराया तालिका प्रदर्शित करके संशोधित किराया वसूल सकते हैं। चालकों को नवंबर के अंत तक तीन महीने का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में ऐसा नहीं करने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा।

भाषा निहारिका

निहारिका

निहारिका