टीसीएस के सीईओ कृतिवासन का पारिश्रमिक वित्त वर्ष 2025-26 में 28 करोड़ रुपये

Ads

टीसीएस के सीईओ कृतिवासन का पारिश्रमिक वित्त वर्ष 2025-26 में 28 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 12:34 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 12:34 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और प्रबंध निदेशक के कृतिवासन ने 2025-26 में कुल 28 करोड़ रुपये का पारिश्रमिक प्राप्त किया। यह इससे पिछले वर्ष की तुलना में 6.3 प्रतिशत अधिक है। यह जानकारी कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट से मिली।

रिपोर्ट के अनुसार टाटा समूह और टीसीएस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कंपनी से कोई कमीशन नहीं लिया और पूरे वित्त वर्ष के लिए केवल 4.2 लाख रुपये की बैठक शुल्क राशि प्राप्त की।

वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘नीति के अनुसार, चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कंपनी से कमीशन नहीं लिया है, इसलिए इसका उल्लेख नहीं किया गया है।’’

कृतिवासन के 2025-26 के वेतन पैकेज में 1.67 करोड़ रुपये का मूल वेतन, 1.43 करोड़ रुपये के लाभ, सुविधाएं और भत्ते और 25 करोड़ रुपये का प्रदर्शन-आधारित कमीशन शामिल था।

आईटी क्षेत्र की इस प्रमुख कंपनी की वित्त वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, सीईओ का वेतन टीसीएस कर्मचारियों के औसत वेतन से 332.8 गुना अधिक था।

रिपोर्ट के मुताबिक आलोच्य वित्त वर्ष के दौरान कर्मचारियों के औसत वेतन में 5.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। भारत में कनिष्ठ और मध्य स्तर के कर्मचारियों के औसत वार्षिक वेतन में 4.5 प्रतिशत से 7.0 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि शीर्ष प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को दहाई अंकों में वेतन वृद्धि मिली।

टीसीएस का शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में 12.22 प्रतिशत बढ़कर 13,718 करोड़ रुपये रहा।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए, शुद्ध लाभ 1.35 प्रतिशत की मामूली वृद्धि के साथ 49,210 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 48,553 करोड़ रुपये था।

कंपनी का परिचालन राजस्व वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 9.64 प्रतिशत बढ़कर 70,698 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पूरे वित्त वर्ष के लिए यह 4.58 प्रतिशत बढ़कर 2.67 लाख करोड़ रुपये रहा।

भाषा रमण

रमण