टीसीएस नासिक प्रकरण एक अलग मामला, उद्योग में गलत आचरण कतई बर्दाश्त नहीं, : नैसकॉम

टीसीएस नासिक प्रकरण एक अलग मामला, उद्योग में गलत आचरण कतई बर्दाश्त नहीं, : नैसकॉम

टीसीएस नासिक प्रकरण एक अलग मामला, उद्योग में गलत आचरण कतई बर्दाश्त नहीं, : नैसकॉम
Modified Date: April 14, 2026 / 09:43 pm IST
Published Date: April 14, 2026 9:43 pm IST

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के नासिक कार्यालय में यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच प्रौद्योगिकी कंपनियों के शीर्ष निकाय नैसकॉम ने मंगलवार को कहा कि इस तरह की घटना उद्योग के भीतर किसी व्यवस्थित प्रतिरूप को नहीं दर्शाती है। उसने कहा कि कंपनियों का रुख अनुचित व्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं करने का है और दुर्व्यवहार के मामलों में कंपनियां त्वरित अनुशासनात्मक कार्रवाई करती हैं।

नैसकॉम ने यह बात टीसीएस के नासिक कार्यालय में आठ महिला कर्मचारियों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोपों के संदर्भ में कही है। यह घटना गहन जांच का विषय बन गई है और इस पर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं।

टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने सोमवार को टीसीएस के नासिक कार्यालय में में यौन उत्पीड़न के आरोपों को ‘बेहद चिंताजनक और पीड़ादायक’ बताया और एक वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व में मामले की जांच की घोषणा की।

नैसकॉम ने एक बयान में कहा कि भारतीय प्रौद्योगिकी उद्योग सम्मान, गरिमा और सुरक्षा की नींव पर बना है।

उद्योग निकाय ने कहा कि उद्योग सख्त संचालन रूपरेखा और कर्मचारी सुरक्षा तथा कार्यस्थल पर बेहतर आचरण के लिए स्पष्ट मानकों के तहत काम करता है।

नैसकॉम के बयान के अनुसार, ‘‘दुर्व्यवहार या उत्पीड़न के किसी भी मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया जाता है और संगठन स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार त्वरित, निर्णायक और उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हैं। इस प्रकार की घटना एक अलग मामला है और उद्योग के भीतर किसी व्यवस्थित प्रतिरूप को नहीं दर्शाती है।’’

कर्मचारियों की सुरक्षा और उनका कल्याण प्रमुख प्राथमिकताएं हैं और उद्योग किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं करता है।

प्रौद्योगिकी कंपनियों के संगठन ने कहा, ‘‘इस क्षेत्र की सभी कंपनियों में सख्त एहतियाती और निवारण प्रणाली हैं जो परिभाषित आचार संहिता और वैधानिक कानूनी ढांचों के पूर्ण अनुपालन के जरिये समर्थित हैं, ताकि चिंताओं का शीघ्र, निष्पक्ष और उचित संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जा सके।’’

नैसकॉम ने कहा कि सुरक्षित, सम्मानजनक और जवाबदेह कार्यस्थलों के साथ सभी स्तरों पर एक भरोसेमंद कार्य परिवेश को बनाये रखना बुनियादी चीज है।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में