टीसीएस का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 4.61 प्रतिशत बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये

Ads

टीसीएस का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 4.61 प्रतिशत बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 04:46 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 04:46 PM IST

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 4.61 प्रतिशत बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।

वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 12,760 करोड़ रुपये रहा था।

टीसीएस ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि राजस्व के मोर्चे पर चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसका राजस्व सालाना आधार पर करीब 14 प्रतिशत बढ़कर 72,275 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने बताया कि अप्रैल-जून तिमाही के दौरान उसके कर्मचारियों की संख्या में 9,200 से अधिक की बढ़ोतरी हुई, जिससे 30 जून, 2026 तक उसके कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 5,93,798 हो गई है।

टीसीएस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) के. कृतिवासन ने कहा कि भू-राजनीतिक और व्यापक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद यह तिमाही कंपनी की निरंतर वृद्धि की गति और उसकी रणनीतिक स्थिति की मजबूती को दर्शाती है।

बीएसई पर बृहस्पतिवार को टीसीएस का शेयर 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,047.75 रुपये पर बंद हुआ।

भाषा योगेश अजय

अजय