डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे टूटकर 90.99 पर बंद हुआ

डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे टूटकर 90.99 पर बंद हुआ

डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे टूटकर 90.99 पर बंद हुआ
Modified Date: February 20, 2026 / 04:48 pm IST
Published Date: February 20, 2026 4:48 pm IST

मुंबई, 20 फरवरी (भाषा) अमेरिका-ईरान के परस्पर बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की वजह से शुक्रवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 31 पैसे टूटकर 90.99 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

बाजार विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में तेजी का रुख भी रुपये को समर्थन देने में विफल रहा। इस पर अमेरिका और ईरान के बीच आने वाले दिनों में जंग छिड़ने की बनती स्थिति का विशेष प्रभाव रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 90.94 पर खुला और सत्र के दौरान 91.04 के दिन के निचले स्तर तक चला गया। कारोबार के अंत में यह 90.99 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से 31 पैसे की भारी गिरावट दिखाता है।

बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे बढ़कर 90.68 पर बंद हुआ था। बृहस्पतिवार को छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के कारण विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार बंद था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव और मजबूत डॉलर के कारण रुपये में गिरावट आई। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने भी घरेलू मुद्रा पर दबाव डाला। हालांकि, घरेलू बाजारों की तेजी ने गिरावट को कम किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और डॉलर के मजबूत होने के कारण रुपया थोड़े नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘डॉलर-रुपया की हाजिर कीमत 90.70 रुपये से 91.30 रुपये के बीच रहने की उम्मीद है।’’

इस बीच, विश्व की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत बढ़कर 97.86 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.50 प्रतिशत गिरकर 71.50 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 316.57 अंक यानी 0.38 प्रतिशत बढ़कर 82,814.71 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 116.90 अंक यानी 0.46 प्रतिशत बढ़कर 25,571.25 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 880.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में