शेयर बाजार में तेजी लौटी; सेंसेक्स 628 अंक चढ़ा, निफ्टी में सात दिन से जारी गिरावट थमी

शेयर बाजार में तेजी लौटी; सेंसेक्स 628 अंक चढ़ा, निफ्टी में सात दिन से जारी गिरावट थमी

शेयर बाजार में तेजी लौटी; सेंसेक्स 628 अंक चढ़ा, निफ्टी में सात दिन से जारी गिरावट थमी
Modified Date: August 20, 2026 / 06:16 pm IST
Published Date: August 20, 2026 6:16 pm IST

मुंबई, 20 अगस्त (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 628 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी सात दिन से जारी गिरावट से उबरते हुए 153 अंक के लाभ में रहा। वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में नरमी के साथ जोखिम लेने की धारणा मजबूत होने से दुनिया के लगभग सभी प्रमुख बाजारों में तेजी रही।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 628.04 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,537.72 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 701.43 अंक यानी 0.91 प्रतिशत बढ़कर 77,611.11 अंक तक पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी सात दिन की गिरावट से उबरते हुए 153.55 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,231.85 अंक पर बंद हुआ।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी वित्त विभाग के वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में तेजी को नियंत्रित करने के कदम से बाजार को राहत मिली और घरेलू बाजार में एक सप्ताह से जारी गिरावट पर विराम लगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस हस्तक्षेप से डॉलर की विनिमय दर में गिरावट आई। साथ ही रुपये में मजबूती और बॉन्ड प्रतिफल में नरमी से उभरते बाजारों में निवेश की आकर्षण क्षमता बढ़ी है।’’

नायर ने कहा कि तेजी चौतरफा रही। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और वित्तीय कंपनियों के शेयरों ने मुख्य रूप से बढ़त को आगे बढ़ाया।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण मुद्रास्फीति और कंपनियों के मुनाफे को लेकर चिंता बनी हुई है।’’

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इटर्नल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक और टाइटन शामिल हैं।

एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में नरमी से निवेशकों में जोखिम उठाने की क्षमता बढ़ी और घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह तेजी हाल के दिनों में बने सतर्क रुख में बदलाव को दर्शाती है और प्रमुख सूचकांक दिनभर अपनी शुरुआती बढ़त बनाए रखने में सफल रहे।’’

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में 407.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.83 प्रतिशत और मझोली कंपनियों का मिडकैप सेलेक्ट 0.56 प्रतिशत चढ़ा।

क्षेत्रवार सूचकांकों में रियल्टी क्षेत्र में सबसे अधिक 1.87 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों) (1.03 प्रतिशत), फोकस्ड आईटी (1.02 प्रतिशत), आईटी (0.94 प्रतिशत), वित्तीय सेवाएं (0.85 प्रतिशत), सोच-विचार किये जाने वाले उपभोक्ता खर्च से जुड़े सामान बनाने वाली कंपनियां (0.75 प्रतिशत) और टॉप-10 बैंक सूचकांक (0.69 प्रतिशत) भी बढ़त के साथ बंद हुए।

अस्पताल क्षेत्र एकमात्र ऐसा क्षेत्र रहा, जिसमें गिरावट दर्ज की गई।

इस तेजी के साथ निवेशकों की संपत्ति 2.71 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 4,91,41,686.64 करोड़ रुपये (5,140 अरब डॉलर) हो गई।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। वहीं अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.67 प्रतिशत बढ़कर 93.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 325.78 अंक टूटकर 76,909.68 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 76.60 अंक की गिरावट के साथ 24,078.30 अंक पर रहा था।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में