स्वास्थ्य कवर के साथ पेंशन योजनाएं लाने की सोच रहे तीन पेंशन कोषः पीएफआरडीए प्रमुख
स्वास्थ्य कवर के साथ पेंशन योजनाएं लाने की सोच रहे तीन पेंशन कोषः पीएफआरडीए प्रमुख
मुंबई, 13 फरवरी (भाषा) पेंशन कोष नियामक पीएफआरडीए के चेयरमैन एस. रमन ने शुक्रवार को कहा कि तीन पेंशन कोष निवेशकों के लाभ के लिए स्वास्थ्य कवर देने वाली पेंशन योजनाएं लाने पर काम कर रहे हैं।
ये पेंशन योजनाएं या तो स्वास्थ्य बीमा कंपनियों के साथ गठजोड़ के जरिये या सीधे स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के सहयोग से पेश की जा सकती हैं।
रमन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह पहल ‘स्वास्थ्य’ पेंशन योजना के तहत की जा रही है, जिसका उद्देश्य लोगों को चिकित्सा जरूरतों के लिए अलग से बचत करने के लिए जागरूक करना है।
उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि लोग खुद को सुरक्षित रखने की अहमियत को समझें। हम चाहते हैं कि लोग मेडिकल पेंशन योजना में पैसा बचत करें। यह राशि केवल चिकित्सा उद्देश्यों के भुगतान के लिए समर्पित होगी।”
पीएफआरडीए ने इस साल जनवरी में ‘स्वास्थ्य’ मंच की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत निवेशक की पेंशन राशि का अधिकतम 30 प्रतिशत हिस्सा चिकित्सा खर्चों के लिए अलग रखा जा सकता है।
पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के प्रमुख ने कहा कि राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के तहत बड़ी संख्या में निवेशकों का एकसाथ आना पेंशन कोष को बेहतर सौदे तय करने में मदद करता है। इससे स्वास्थ्य बीमा कंपनियों से सस्ते टॉप-अप कवर और अस्पतालों से उपचार पर रियायतें मिल सकती हैं।
उन्होंने कहा कि इस योजना में अस्पतालों को मरीज के इलाज के तुरंत बाद ही भुगतान मिल सकेगा जबकि केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजना के तहत भुगतान में कई महीने लग जाते हैं।
रमन ने बताया कि आईसीआईसीआई, एक्सिस और टाटा की तरफ से प्रायोजित पेंशन कोष इस तरह की स्वास्थ्य कवरेज योजनाएं पेश करने को लेकर ‘प्रयोग’ कर रहे हैं और उम्मीद है कि आईसीआईसीआई जल्द ही अपना उत्पाद पेश कर देगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिफल को लंबे समय तक दहाई अंकों में बनाए रखने के उपायों का अध्ययन किया जा रहा है। इसके लिए परियोजना वित्त, रियल एस्टेट, वैकल्पिक निवेश फंड (एआईएफ) के साथ सोना और चांदी ईटीएफ में सीमित निवेश की भी योजना है।
उन्होंने एनपीएस के कम कवरेज (करीब एक करोड़ रुपये) को स्वीकार करते हुए कहा कि निवेशक आधार बढ़ाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) से बातचीत जारी है, ताकि डिजिटल माध्यम से लोगों को जोड़ने में तेजी लाई जा सके।
इसके साथ ही रमन ने कहा कि कम-से-कम चार बैंकों या बैंकों के समूह ने पेंशन कोष कारोबार में उतरने की इच्छा जताई है। इनमें एक्सिस बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक एवं स्टार डायची का समूह शामिल हैं।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण

Facebook


